हिमाचल प्रदेश

पंडोह बांध के पास युवक की जान बची, मां की सूझबूझ आई काम

Admindelhi1
18 Nov 2026 4:52 PM IST
पंडोह बांध के पास युवक की जान बची, मां की सूझबूझ आई काम
x
मंडी में पुलिस की तत्परता से टला हादसा, युवक को परिजनों को सौंपा

शिमला: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में पंडोह बांध के पास आत्महत्या का प्रयास करने की आशंका के बीच पुलिस की तत्परता से एक युवक की जान बच गई। युवक ने अपनी मां को वीडियो कॉल कर बांध से छलांग लगाने की बात कही थी। मां ने तुरंत आपातकालीन हेल्पलाइन 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने तलाशी अभियान चलाकर युवक को सुरक्षित ढूंढ निकाला।

हिमाचल पुलिस के प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि 17 नवंबर को बंदना नाम की महिला ने ERSS-112 पर कॉल कर अपने बेटे की स्थिति की जानकारी दी थी। सूचना मिलते ही कॉल टेकर ने इसे गंभीर आपातकालीन घटना के रूप में दर्ज कर पुलिस चौकी पंडोह को तत्काल सूचित किया।

पुलिस टीम ने बांध के आसपास तलाशी अभियान चलाया और युवक आशीष को सुरक्षित खोज लिया। इसके बाद उसे स्वास्थ्य जांच के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंडोह ले जाया गया।

चिकित्सकीय जांच और आवश्यक देखभाल के बाद पुलिस ने परिजनों को बुलाकर आशीष को उनके सुपुर्द कर दिया।

पुलिस ने बताया कि मां की सतर्कता, हेल्पलाइन कर्मचारियों की तत्परता और पुलिस टीम के समन्वय से संभावित हादसा टल गया। हिमाचल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत 112 नंबर पर संपर्क करें, ताकि समय रहते सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

Next Story