हिमाचल प्रदेश

शिमला में कार पर गिरे पहाड़ से भारी पत्थर, एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत

Admindelhi1
19 Nov 2026 11:27 AM IST
शिमला में कार पर गिरे पहाड़ से भारी पत्थर, एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत
x
चलती कार पर बरसे पत्थर, कोटखाई निवासी युवक की गई जान

शिमला: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के ठियोग क्षेत्र में बुधवार को पहाड़ से अचानक गिरे भारी पत्थरों की चपेट में आने से एक कार सवार व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा छैला के चेउ नाला में शरमला के समीप हुआ। मृतक की पहचान कोटखाई निवासी संदेश पुत्र महेंद्र सिंह के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, कार नंबर HP09B-1150 में दो लोग सवार थे। इनमें से एक व्यक्ति हादसे वाली जगह से पहले ही उतर गया था। इसी दौरान पहाड़ से अचानक भारी पत्थर गिरने लगे और कार उनकी चपेट में आ गई। हादसे में संदेश के सिर और पीठ पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौत हो गई।

प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि शरमला-खलान्टू सड़क मार्ग पर निर्माण कार्य चल रहा है। आशंका जताई जा रही है कि निर्माण के दौरान की गई ब्लास्टिंग के कारण पहाड़ से पत्थर गिरे होंगे। हालांकि, हादसे का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।

ठियोग पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार की भूमिका के साथ ब्लास्टिंग और निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजामों की भी जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पत्थर गिरने के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Next Story