हिमाचल प्रदेश

हिमाचल में वन अधिकारों की दिशा में बड़ा कदम, सुधरानी ग्राम सभा ने 12 दावे भेजे

Admindelhi1
25 Nov 2026 12:00 PM IST
हिमाचल में वन अधिकारों की दिशा में बड़ा कदम, सुधरानी ग्राम सभा ने 12 दावे भेजे
x
पीढ़ियों से जंगलों पर निर्भर परिवारों को मिलेगा अधिकार? 12 दावे प्रशासन को सौंपे

मंडी: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले की सुधरानी वन अधिकार समिति ने वन अधिकार अधिनियम 2006 के तहत 12 व्यक्तिगत दावे उपमंडल स्तरीय समिति (एसडीएलसी), बालीचौकी को सौंपे हैं। ग्राम सभा से मंजूरी मिलने के बाद दावेदार समिति के पदाधिकारियों और पीपल फॉर हिमालयन डेवलपमेंट की टीम के साथ एसडीएम कार्यालय पहुंचे।

इस दौरान तहसीलदार अनुपम अग्निहोत्री को दावों से संबंधित दस्तावेज सौंपे गए। जानकारी के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को दावे आमंत्रित किए गए थे, जिसमें कुल 14 आवेदन प्राप्त हुए। 11 नवंबर को सुधरानी ग्राम सभा की बैठक में 233 सदस्यों की मौजूदगी में 12 दावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया। शेष दो आवेदनों के दस्तावेज अधूरे होने के कारण उन्हें फिलहाल आगे नहीं भेजा गया है।

अब एसडीएलसी इन 12 दावों की जांच करेगी और पात्र पाए जाने पर इन्हें जिला स्तरीय समिति के पास भेजा जाएगा।

पीपल फॉर हिमालयन डेवलपमेंट के अनुसार, क्षेत्र के कई परिवार पीढ़ियों से वन भूमि पर निर्भर हैं। संगठन वन अधिकार समितियों को प्रशिक्षण और दावा तैयार करने में सहयोग दे रहा है। अगले चरण में सामुदायिक वन अधिकारों के दावे भी प्रस्तुत करने की योजना है।

Next Story