- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- हिमाचल विधानसभा में...
हिमाचल विधानसभा में जोरदार हंगामा, भ्रष्टाचार के आरोपों पर भिड़े पक्ष-विपक्ष

धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर सदन में जमकर हंगामा हुआ। प्रश्नकाल के दौरान सत्तापक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने 777 स्कूलों में डिजिटल क्लासरूम स्थापित करने के लिए करीब 142 करोड़ रुपये का काम बिना टेंडर दिए जाने का आरोप लगाया और नियम 67 के तहत स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा की मांग की।
जयराम ठाकुर ने ऊना के पेखूबेला प्रोजेक्ट और धारा 118 के तहत जमीन की मंजूरी से जुड़े फैसलों पर भी सवाल उठाए। विपक्ष के विरोध के कारण प्रश्नकाल बाधित हुआ। हंगामे के बीच विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा की अनुमति दे दी।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अनुपस्थिति में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सदन के नेता की भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि सरकार विपक्ष के उठाए गए सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने बीबीएमबी से जुड़े विषयों को भी महत्वपूर्ण बताया।
इससे पहले भाजपा विधायकों ने विधानसभा परिसर में धारा 118, कथित बेनामी जमीन सौदों और सरकारी संपत्तियों को निजी हाथों में देने के मुद्दे पर प्रदर्शन किया था। सदन में दोनों पक्षों के बीच भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर तीखी बहस हुई।





