हिमाचल प्रदेश

हिमाचल के मंदिर में 150 साल पुरानी पशु बलि प्रथा खत्म, ग्रामीणों ने रचा इतिहास

Admindelhi1
22 Nov 2026 4:41 PM IST
हिमाचल के मंदिर में 150 साल पुरानी पशु बलि प्रथा खत्म, ग्रामीणों ने रचा इतिहास
x
हिमाचल में देव समाज का ऐतिहासिक फैसला, पशु बलि की परंपरा समाप्त

शिमला: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में ग्रामीणों ने धार्मिक परंपराओं में बदलाव की मिसाल पेश की है। रोहडू उपमंडल के नावर क्षेत्र स्थित दरोटी गांव में नागरकोटी माता दरोटेश्वरी मंदिर में करीब 150 वर्षों से चली आ रही पशु बलि की परंपरा समाप्त कर दी गई है। अब मंदिर के सभी धार्मिक आयोजन सात्विक और अहिंसक तरीके से संपन्न होंगे।

मंदिर के पुजारी वेद प्रकाश भारद्वाज के अनुसार, करीब दो महीने पहले ग्रामीणों और देव समाज ने आपसी सहमति से पशु बलि बंद करने का निर्णय लिया था। करीब दो करोड़ रुपये की लागत से बने नए मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में इस निर्णय को लागू किया गया।

20 और 21 नवंबर को आयोजित दो दिवसीय समारोह में हजारों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। इससे पहले करीब 25 श्रद्धालुओं ने कांगड़ा के नागरकोट, ज्वालाजी और हरिद्वार की लगभग 300 किलोमीटर लंबी धार्मिक यात्रा पूरी की।

समारोह में माता दरोटेश्वरी और देवता नारायण का देव मिलन हुआ। इसके बाद शिखा पूजन सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए।

कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी शामिल हुए। दोनों ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की खुशहाली और समृद्धि की कामना की।

मंत्रियों ने ग्रामीणों की पहल की सराहना करते हुए युवाओं से अपनी संस्कृति और परंपराओं को संजोकर रखने का आह्वान किया।

ग्रामीणों का यह निर्णय धार्मिक आस्था को बनाए रखते हुए अहिंसा और सकारात्मक सामाजिक बदलाव का संदेश दे रहा है।

Next Story