हिमाचल प्रदेश

महिला अधिकार और सामाजिक न्याय पर मंथन, मंडी में जुटे 60 प्रतिभागी

Admindelhi1
20 Nov 2026 10:50 AM IST
महिला अधिकार और सामाजिक न्याय पर मंथन, मंडी में जुटे 60 प्रतिभागी
x
मंडी में समता पर राज्य स्तरीय कैंप, पांच जिलों के 60 प्रतिभागी हुए शामिल

मंडी: हिमाचल प्रदेश के मंडी में सामाजिक समानता, महिला अधिकारों और सामाजिक न्याय को लेकर दो दिवसीय राज्य स्तरीय कैडर कैंप का आयोजन किया गया। हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति की ओर से 18 और 19 नवंबर को साक्षरता भवन, सौली खड्ड में आयोजित इस शिविर में मंडी, कुल्लू, हमीरपुर, बिलासपुर और शिमला जिलों के कुल 60 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

कैंप में समता की अवधारणा और समाज में व्याप्त विभिन्न प्रकार की असमानताओं पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने जातिगत भेदभाव, लैंगिक असमानता, महिला अधिकारों, सामाजिक न्याय तथा शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में समान अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।

इस दौरान जलवायु परिवर्तन से महिलाओं के जीवन पर पड़ने वाले प्रभावों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा भारत का भविष्य अभियान और युवाओं को नशे से बचाने के लिए चलाए जा रहे युवा बचाओ अभियान में महिलाओं की भूमिका पर चर्चा हुई।

वक्ताओं ने कहा कि समता का अर्थ केवल सभी को समान अवसर देना नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान, अधिकार और न्यायपूर्ण अवसर उपलब्ध कराना भी है। सामाजिक भेदभाव, रूढ़िवादी सोच और असमानताओं को समाप्त करने के लिए सामाजिक संगठनों एवं जागरूक नागरिकों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

कैंप के विभिन्न सत्रों में प्रतिभागियों ने समूह चर्चा, संवाद और विचार-विमर्श के माध्यम से सामाजिक समानता से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार साझा किए।

दो दिवसीय शिविर में सामाजिक न्याय, महिला सशक्तीकरण, समान अवसर और युवाओं को नशे से बचाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया गया।

Next Story