हिमाचल प्रदेश

गोबिंदसागर झील में मिला 47 वर्षीय महिला का शव

Deepa Sahu
19 April 2022 2:15 PM GMT
गोबिंदसागर झील में मिला 47 वर्षीय महिला का शव
x
उपमंडल बंगाणा के लठियाणी मंदली घाट पर गोबिदसागर झील में एक 47 वर्षीय महिला का शव मिला है।

बंगाणा : उपमंडल बंगाणा के लठियाणी मंदली घाट पर गोबिदसागर झील में एक 47 वर्षीय महिला का शव मिला है। महिला की पहचान सुषमा कतना पत्नी अनूप कतना गांव मैहरे, बड़सर जिला हमीरपुर के रूप में हुई है।

स्थानीय लोगों ने जब शव को देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। बंगाणा पुलिस के एएसआइ पवन राणा ने घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया। सुषमा कतना के पति अनूप कतना ने बताया कि वह सुबह नौ बजे मैहरे में अपनी हैंडलूम की दुकान खोलने के लिए गया और दोपहर 12 बजे पत्नी सुषमा को दोपहर का खाना लाने के लिए फोन किया। कई बार फोन करने के बाद जब सुषमा ने फोन नहीं उठाया, तो अनूप घर चला गया। घर पर ताले लगे हुए पाए। जब पड़ोसियों को पूछा तो उन्होंने बताया कि 11 बजे के करीब सुषमा घर से निकल गई है। फिर अनूप और आस-पड़ोस के लोगों ने सुषमा को ढूंढना शुरू किया। जब रिश्तेदारों से फोन पर संपर्क किया तो पता चला कि 12 बजे के करीब सुषमा को लठियाणी में देखा गया था। जब लठियाणी मंदली घाट पर आकर देखा तो सुषमा का शव पानी में तैर रहा था। स्थानीय लोगों की मदद से महिला का शव पानी से बाहर निकाला गया।
एएसआइ पवन राणा ने बयान दर्ज किए। लठियाणी मंदली घाट पर ढाई माह में यह चौथी घटना है। इससे पहले 19 फरवरी को मैहरे से ही एक 20 वर्षीय युवक पानी में डूबा था। हालांकि बाद में उक्त युवक के परिवार ने हत्या का मामला दर्ज करवाया था। फिर मैहरे से ही एक 30 वर्षीय युवक गाड़ी सहित पानी में डूबा था और अब मैहरे से ही सुषमा देवी का शव मिला है।
हालांकि मैहरे के उपप्रधान ने फोन के माध्यम से मीडिया को बताया कि उक्त परिवार बहुत प्यार से रहता था और सुषमा का 20 वर्षीय लड़का कालेज में शिक्षा ग्रहण करता है। सुषमा का इलाज चल रहा था, लेकिन अब पुलिस जांच करेगी कि कहीं कोई सुसाइड नोट या फिर किन कारणों से सुषमा मैहरे से लाठियाणी घाट पर पहुंची थी और आत्महत्या की।
Next Story