- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- लोकतंत्र की पाठशाला...
लोकतंत्र की पाठशाला में जुटे 259 विद्यार्थी, निबंध और क्विज में दिखाई प्रतिभा

धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में युवाओं को लोकतंत्र और मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को बीएड कॉलेज धर्मशाला में जिला स्तरीय निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त कांगड़ा के मार्गदर्शन में आयोजित प्रतियोगिताओं में जिले के सभी 15 विधानसभा क्षेत्रों से चयनित विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचन साक्षरता क्लबों के माध्यम से तीन चरणों में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। पहले शिक्षण संस्थान, फिर उपमंडल और अंत में जिला स्तर पर विद्यार्थियों का चयन किया गया।
जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए चयनित 280 विद्यार्थियों में से 259 ने भाग लिया। इनमें 131 विद्यार्थी निबंध लेखन और 128 प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में शामिल हुए।
निबंध प्रतियोगिता में लोकतंत्र, मतदान अधिकार और मतदाता सूची की विश्वसनीयता जैसे विषय शामिल रहे। वहीं प्रश्नोत्तरी में ईवीएम, वीवीपैट, मतदाता सूची, मतदान और मतगणना प्रक्रिया से जुड़े सवाल पूछे गए।
आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन मूल्यांकन के बाद किया जाएगा। परिणाम और विजेताओं की जानकारी 20 नवंबर से पहले संबंधित विद्यार्थियों और शिक्षण संस्थानों को उपलब्ध कराई जाएगी।





