हिमाचल प्रदेश

2223 ट्रांसफार्मर ठप, प्रदेश में बारिश-बर्फबारी से 481 सड़कें बंद

Gulabi Jagat
30 Jan 2023 12:18 PM GMT
2223 ट्रांसफार्मर ठप, प्रदेश में बारिश-बर्फबारी से 481 सड़कें बंद
x
शिमला। हिमाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट के बीच बारिश बर्फबारी का दौर जारी है। प्रदेश में बीती रात से हो रही भारी बारिश और बर्फबारी के चलते तीन नेशनल हाईवे समेत 481 सड़कों पर वहानों की आवाजाही ठप हो गई है। लाहौल-स्पीति जिले में सबसे ज्यादा 177 सड़कों पर आवाजाही बंद है। चंबा जिले में 14, किन्नौर में 72, कांगड़ा में 2, कुल्लू में एक, मंडी में 19 , सिरमौर में छह और शिमला में 190 सड़कें अवरुद्ध हैं।
इसी प्रकार 2223 बिजली ट्रांसफार्मर ठप हो गए हैं। बिजली ट्रांसफार्मर ठप होने से हजारों गांव अंधेरे में डूबे गए हैं। चंबा जिले में 137, किन्नौर में 272, कुल्लू जिले में 232, लाहौल-स्पीति में 130, मंडी में 327, शिमला में 610, सिरमौर में 444 और ऊना में 71 बिजली ट्रांसफार्मर ठप हैं और 19 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हैं। चंबा में 17 और लाहौल-स्पीति में दो पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं।
लौहोल घाटी में हिमस्खलन
हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति जिला के लाहौल घाटी के झोलिंग गांव के समीप जबेन नाला में सोमवार को हिमस्खलन होने से चिनाव नदी का बहाव करीब एक घंटे तक रुका रहा। वहीं मनाली स्थित हिम और हिमस्खलन अध्ययन संस्थान (सासे) ने कुल्लू और लाहौल में हिमखंड और हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है। रोहतांग और स्पीति घाटी बर्फ से लकदक हो गई है। शिमला के जाखू में हल्की बर्फबारी हुई है। वहीं, कुफरी, खड़ापत्थर, किन्नौर और कुल्लू घाटी में भी हिमपात हुआ है। राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश मैदानी क्षेत्रों में रविवार रात से बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग शिमला के अनुसार प्रदेश में एक फरवरी तक मौसम खराब रहने के आसार हैं।
Gulabi Jagat

Gulabi Jagat

    Next Story