हिमाचल प्रदेश

हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन, अचानक आई बाढ़ व बादल फटने से 22 की मौत

Bhumika Sahu
21 Aug 2022 4:48 AM GMT
हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन, अचानक आई बाढ़ व बादल फटने से 22 की मौत
x
अचानक आई बाढ़ व बादल फटने से 22 की मौत

शिमला । हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन, अचानक आई बाढ़ और बादल फटने की घटनाओं में एक ही परिवार के आठ सदस्यों सहित कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई। वहीं पांच अन्य लापता बताए जा रहे हैं। सबसे अधिक नुकसान मंडी, कांगड़ा और चंबा जिलों में हुआ है। राज्य से अब तक 36 मौसम संबंधी घटनाएं हुई हैं।

मंडी में मनाली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग और शोघी में शिमला-चंडीगढ़ राजमार्ग सहित 743 सड़कों पर यातायात रोक दी गई है। अकेले मंडी में भारी बारिश के कारण आयी अचानक बाढ़ और भूस्खलन में 13 लोगों की मौत हो गई और पांच लापता हो गए। गोहर विकास खंड के काशान गांव में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और पुलिस द्वारा चार घंटे के लंबे तलाशी अभियान के बाद एक परिवार के आठ सदस्यों के शव उनके घर के मलबे से निकाले गए। भूस्खलन में मकान पूरी तरह से ढह गया। राज्य के हमीरपुर जिले में आई बाढ़ के बाद फंसे 22 लोगों को निकाल कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है। भारी बारिश के कारण सुबह कांगड़ा जिले में चक्की पुल के ढह जाने के बाद जोगिंदर नगर और पठानकोट मार्ग के बीच ट्रेन सेवा रोक दी गई। रेलवे प्राधिकारियों ने पुल को असुरक्षित घोषित किया था।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया और कहा कि प्रशासन प्रभावित जिलों में युद्धस्तर पर बचाव अभियान चला रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि चंबा जिले में बारिश के कारण भूस्खलन होने के बाद एक मकान के ढह जाने से तीन लोगों की मौत हो गई। चंबा जिला आपातकालीन अभियान केंद्र (डीईओसी) ने बताया कि चौवारी तहसील के बनेत गांव में शनिवार तड़के करीब साढ़े चार बजे भूस्खलन हुआ, जिसके बाद मकान ढह गया और तीन लोगों की मौत हो गई।
मंडी जिले में भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से एक लड़की की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य लोगों के भी मारे जाने की आशंका है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, मंडी में शुक्रवार रात मंडी-कटोला-पराशर मार्ग पर बाघी नाले में एक लड़की का शव उसके घर से करीब आधा किलोमीटर दूर बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि बाढ़ में लड़की के परिवार के पांच सदस्यों के भी बह जाने की सूचना है। विभाग के अनुसार, बादल फटने के बाद कई परिवारों ने बागी से पुराने कटोला क्षेत्र के बीच स्थित अपने घरों को छोड़ दिया और सुरक्षित स्थानों पर शरण ली।
अचानक आई बाढ़ और कई जगहों पर भूस्खलन के कारण मंडी जिले की कई सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। बल्ह, सदर, थुनाग, मंडी और लामाथच में अचानक आई बाढ़ के बाद घरों और दुकानों में पानी घुस जाने के कारण कई ग्रामीण वहां फंस गए हैं, जबकि कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है।
प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में लगातार जारी बारिश के कारण शनिवार को स्कूल बंद रहे। उन्होंने बताया कि सड़क किनारे खड़े कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए हैं और लोग अपने घरों में फंसे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि कांगड़ा में कच्चे मकान के ढह जाने से नौ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। लाहर गांव में भूस्खलन के कारण 48 वर्षीय एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई।
हिमाचल प्रदेश के आपदा प्रबंधन विभाग ने 25 अगस्त तक राज्य में भारी बारिश के पूर्वानुमान के कारण भूस्खलन की चेतावनी जारी की है।


Next Story