हिमाचल प्रदेश

8.77 करोड़ से होगा 2 संपर्क सड़कों का निर्माण, अधूरे पड़े कार्य अब पकड़ेंगे तेजी: राजेंद्र राणा

Shantanu Roy
3 April 2023 10:02 AM GMT
8.77 करोड़ से होगा 2 संपर्क सड़कों का निर्माण, अधूरे पड़े कार्य अब पकड़ेंगे तेजी: राजेंद्र राणा
x
सुजानपुर। सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पुराने बमसन क्षेत्र में 8 करोड़ 77 लाख से 2 संपर्क सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इनमें 4 करोड़ 66 लाख की लागत से तपालधार से बजाहर वाया पटियाल बस्ती लिंक रोड का निर्माण किया जाएगा जबकि दूसरी संपर्क सड़क सेनुआं दी थाती से निचला और मंझला भेरड़ा तक 4 करोड़ 11 लाख की लागत से निर्मित की जाएगी। इससे इलाका वासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो जाएगी। यह जानकारी विधायक राजेंद्र राणा ने आज यहां दी। राजेंद्र राणा ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों में रोड़े अटकाए जाते रहे।
वीरभद्र सरकार के कार्यकाल में सुजानपुर के टाऊन हाॅल सहित जिन निर्माण कार्यों के लिए बजट स्वीकृत किया गया था, उन्हें भी भाजपा सरकार ने ठंडे बस्ते में डाले रखा लेकिन अब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद सुजानपुर हलके में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। सुजानपुर में अब टाऊन हॉल का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित बस अड्डे का निर्माण भी किया जाएगा। सुजानपुर में अस्पताल की क्षमता बढ़ाकर 100 बैड करने का ऐलान मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह कर चुके हैं और यह अस्पताल सभी उपकरणों और सुविधाओं से लैस होगा, जिससे इलाका वासियों को घर के नजदीक बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। राजेंद्र राणा ने कहा कि सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र को एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र के रूप में विकसित करना उनके एकमात्र लक्ष्य है और अब यहां विकास कार्यों को युद्धस्तर पर अमलीजामा पहनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में सड़कों का नैटवर्क और सुदृढ़ किया जाएगा।
Next Story