
x
Gurugram राजीव नगर इलाके में गोली लगने से एक 23 साल के युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घटना के समय कमरे में मृतक, उसकी बहन, उसकी लिव-इन पार्टनर और उसका दोस्त पंकज मौजूद थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच से पता चलता है कि पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बिजनौर के रहने वाले दिगेंद्र के तौर पर हुई है, जिसका आपराधिक रिकॉर्ड था। वह राजीव नगर में अपनी गर्लफ्रेंड के साथ रहता था और दोनों एक बेकरी में काम करते थे। उसकी बहन भी रक्षाबंधन पर उससे मिलने गुरुग्राम आई थी। वहीं, उसका दोस्त पंकज करीब डेढ़ महीने से उसके कमरे में रह रहा था। परिवार वालों के मुताबिक, पंकज एक मामले में फरार चल रहा था।
उसकी बहन ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 6 बजे सादे कपड़ों में चार युवक दिगेंद्र के कमरे पर आए। उनके दरवाजा खटखटाने के बाद दिगेंद्र कमरे से जुड़े बाथरूम में चला गया। कुछ देर बाद बाथरूम से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। गोली की आवाज सुनकर उसकी बहन और लिव-इन पार्टनर चीखने-चिल्लाने लगे। इसके बाद वे युवक वहां से चले गए। बाद में स्थानीय पुलिस पहुंची और दिगेंद्र को मृत पाया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "शुरुआती जांच से पता चलता है कि यह आत्महत्या का मामला है। यह जानकारी भी सामने आई है कि दिगेंद्र के खिलाफ आधे दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।"
Next Story





