गुरुग्राम में मेटा ऑफिस के बाहर युवा कांग्रेस का विरोध, पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया

गुरुग्राम: सोशल मीडिया अकाउंट पर कथित कार्रवाई को लेकर भारतीय युवा कांग्रेस ने शनिवार को गुरुग्राम स्थित मेटा इंडिया मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के नेताओं सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और युवा कांग्रेस से जुड़े कई नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के सोशल मीडिया अकाउंट बंद या प्रतिबंधित किए जा रहे हैं। उन्होंने इसे राजनीतिक आवाज दबाने और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जुड़ा मुद्दा बताया।
उदय भानु चिब ने मेटा प्रबंधन से अकाउंट पर की जा रही कार्रवाई के आधार और नियमों को सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ काम करना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया। बाद में पुलिस ने कई युवा कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।





