हरियाणा

Yamunanagar: दिनदहाड़े हत्या से दहला यमुनानगर, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

Admindelhi1
6 Aug 2026 11:53 AM IST
Yamunanagar: दिनदहाड़े हत्या से दहला यमुनानगर, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
x
यमुनानगर में प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, CCTV बना बड़ा सुराग

यमुनानगर: यमुनानगर शहर में बुधवार दोपहर एक प्रॉपर्टी कारोबारी की दिनदहाड़े हत्या से सनसनी फैल गई। संतपुरा गुरुद्वारा रोड पर पैदल जा रहे 51 वर्षीय शिवकुमार पर एक बाइक सवार ने सिर पर ईंट से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल शिवकुमार को स्थानीय लोगों ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक शिवकुमार भगवानगढ़ के निवासी थे और प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़े थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के समय वह मोबाइल फोन पर बातचीत करते हुए जा रहे थे। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल पर उनका पीछा करता दिखाई दिया। जैसे ही शिवकुमार संतपुरा गुरुद्वारा रोड पर पहुंचे, आरोपी ने उनके सिर पर ईंट से वार किया और मौके से फरार हो गया।

घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी सामने आई है, जिसमें शिवकुमार के पीछे एक संदिग्ध बाइक सवार आता दिखाई दे रहा है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है। मौके से वारदात में प्रयुक्त ईंट भी बरामद की गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए।

मृतक के भाई अमित ने बताया कि शिवकुमार अपनी बीमार पत्नी की दवा लेने के लिए मॉडल टाउन आए थे। परिवार का कहना है कि उनकी किसी से कोई पुरानी रंजिश नहीं थी। वहीं, शिवकुमार के रिश्तेदार रणधीर त्यागी ने बताया कि घटना के समय उनकी शिवकुमार से मोबाइल पर बातचीत हो रही थी।

अचानक तेज आवाज सुनाई दी और कॉल कट गई। कुछ देर बाद एक युवक ने फोन कर उनके घायल होने की सूचना दी। पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज, फोरेंसिक साक्ष्यों और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

Next Story