हरियाणा

Yamunanagar: रिक्त पद भरने की मांग को लेकर कांग्रेस सड़कों पर

Admindelhi1
6 May 2026 10:17 AM IST
Yamunanagar: रिक्त पद भरने की मांग को लेकर कांग्रेस सड़कों पर
x

यमुनानगर: यमुनानगर के सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकीय व सहायक स्टाफ की कमी को लेकर कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। जिला शहरी और ग्रामीण इकाइयों के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जगाधरी स्थित सिविल अस्पताल के बाहर मानव श्रृंखला बनाकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए अस्पतालों में रिक्त पड़े पदों को शीघ्र भरने व स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की मांग की।

इस विरोध कार्यक्रम का नेतृत्व जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष नरपाल सिंह गुर्जर और जिला शहरी कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता अस्पताल परिसर में एकत्रित हुए और हाथों में हाथ डालकर प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जिले के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल कर्मियों की भारी कमी बनी हुई है, जिससे मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा। उनका कहना है कि सूचना के अधिकार के तहत प्राप्त आंकड़ों के अनुसार स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न वर्गों में 50 प्रतिशत से अधिक पद रिक्त हैं। नरपाल सिंह गुर्जर ने कहा कि स्टाफ की कमी के कारण अस्पतालों की व्यवस्था प्रभावित हो रही है और विशेष रूप से गरीब व जरूरतमंद मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से तत्काल इन पदों को भरने की मांग की।

वहीं देवेंद्र सिंह ने कहा कि चिकित्सकों की उपलब्धता के बिना प्रभावी उपचार संभव नहीं है, जिसके चलते लोगों को निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है और उन पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Next Story