हरियाणा

Yamunanagar: फंदे पर लटका मिला मासूम छात्र का शव

Admindelhi1
14 May 2026 10:24 AM IST
Yamunanagar: फंदे पर लटका मिला मासूम छात्र का शव
x
"छात्र की मौत से परिवार में मातम"

यमुनानगर: यमुनानगर के गांधी नगर क्षेत्र में पांचवीं कक्षा के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बच्चे का शव घर के ऊपरी कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाने के बाद परिजनों के बयान दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान गांधी नगर निवासी 13 वर्षीय निखिल शर्मा के रूप में हुई है। वह स्थानीय निजी विद्यालय में पांचवीं कक्षा का छात्र था। परिजनों के अनुसार, निखिल पिछले कुछ दिनों से विद्यालय नहीं जा रहा था। बुधवार को उसके पिता रोजमर्रा के काम पर गए हुए थे, जबकि अन्य भाई-बहन स्कूल गए थे। मां सुषमा देवी स्वास्थ्य संबंधी कारणों से दवा लेने बाहर गई थीं। उस दौरान निखिल घर पर अकेला था। परिवार के अनुसार, बुधवार दोपहर को जब उसकी मां वापस लौटी तो निखिल घर में दिखाई नहीं दिया। तलाश के दौरान ऊपरी कमरे में उसका शव फंदे से लटका मिला।

घटना का पता चलते ही आसपास के लोग एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। मृतक के बड़े भाई विकास ने बताया कि निखिल परिवार में सबसे छोटा था और स्वभाव से सामान्य व मिलनसार था। परिवार को उसके इस कदम की कोई आशंका नहीं थी। प्रारंभिक जानकारी में यह बात सामने आई है कि कुछ दिन पहले पढ़ाई को लेकर उसे समझाया गया था। जांच अधिकारी नवतेज सिंह ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

Next Story