
सोनीपत: गांधी जयंती पर गन्नौर में स्वच्छता को लेकर जनभागीदारी देखने को मिली। ‘स्वच्छ गन्नौर-स्वस्थ गन्नौर’ अभियान के तहत गुरुवार को गढ़ी केसरी स्थित शिव मुक्ति धाम में करीब तीन घंटे तक सफाई की गई। क्षेत्रीय विधायक देवेंद्र कादियान के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों, नगरपालिका कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर लंबे समय से जमा कचरा और गंदगी हटाई।
सफाई अभियान के दौरान मुक्तिधाम परिसर की साफ-सफाई के साथ वहां की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। विधायक देवेंद्र कादियान ने नगरपालिका सचिव प्रदीप खर्ब को बड़े पेड़ों के आसपास बेहतर चबूतरे तैयार कराने और परिसर में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अभियान समाप्त होने के बाद विधायक ने सफाई कर्मचारियों और अभियान में शामिल लोगों के साथ जलपान किया। इसके बाद वे अपने निजी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं। संबंधित अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर उन्होंने शिकायतों के समाधान के निर्देश दिए।
विधायक देवेंद्र कादियान ने कहा कि विधायक बनने के पहले दिन से ही उन्होंने गन्नौर को स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया था। इसी उद्देश्य से हर महीने नगरपालिका कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और आमजन के सहयोग से शहर या आसपास के किसी स्थान को सफाई अभियान के लिए चुना जाता है।
उन्होंने कहा कि गांधी जयंती के मौके पर शिव मुक्ति धाम में सफाई की आवश्यकता को देखते हुए इसे अभियान के लिए चुना गया। श्राद्ध पक्ष में लोग अपने पूर्वजों को श्रद्धांजलि देने के लिए यहां पहुंचते हैं, ऐसे में परिसर की स्वच्छता उनके प्रति सम्मान का भी प्रतीक है।
कादियान ने लोगों से अपील की कि वे कूड़ा सड़क अथवा खाली प्लॉट में न डालें और उसे कूड़ेदान या कूड़ा उठाने वाली गाड़ी में ही डालें। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान भी चलाया जा रहा है।
गढ़ी केसरी के कृष्ण त्यागी, नितिन त्यागी, अमित त्यागी, नितिन कौशिक और सुनील पटवारी ने कहा कि मुक्तिधाम में काफी समय से गंदगी जमा थी। सफाई अभियान से यहां आने वाले लोगों को राहत मिलेगी।
इस दौरान ब्लॉक समिति अध्यक्ष अनिल कुमार, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष ईश्वर कश्यप, पार्षद दिनेश अदलखा, वरुण जैन, विकास शर्मा, अजय सरोहा, टिंकू प्रधान और शमशेर सैनी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।





