
Haryana हरियाणा: मुंडलाना गांव में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली। परेशान ग्रामीण मंगलवार को बिजली निगम के एक्सईएन कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों के सामने अपनी समस्या रखी।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव में दिन और रात के समय बिना किसी सूचना के बिजली काट दी जाती है, जिससे उनका दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। लोगों का कहना है कि रात के समय बार-बार बिजली जाने से उनकी नींद पूरी नहीं हो पा रही है, जिससे स्वास्थ्य और कामकाज दोनों पर असर पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि बिजली निगम की ओर से गांव में केवल दो घंटे बिजली सप्लाई का शेड्यूल तय किया गया है, जबकि आसपास के अन्य गांवों में चार घंटे तक बिजली दी जा रही है। इस असमान व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
इस मौके पर सरपंच शिवनारायण सिंह सहित ग्रामीण नरेश, सतीश और किताबो ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा और मांग की कि गांव में बिजली आपूर्ति का समय बढ़ाया जाए तथा अघोषित कटौती पर रोक लगाई जाए।
शिकायत सुनने के बाद एसडीओ विकास सूर्यवंशी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्या पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दिन में चार घंटे बिजली सप्लाई सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाएंगे और व्यवस्था को सुधारने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
ग्रामीणों ने कहा कि लगातार बिजली कटौती से बच्चों की पढ़ाई, किसानों के काम और घरेलू कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आगे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
फिलहाल बिजली विभाग ने मामले की समीक्षा शुरू कर दी है और स्थानीय स्तर पर आपूर्ति व्यवस्था को सुधारने की बात कही है।





