हरियाणा
रोहतक में एक साथ नजर आए राजनीति के दिग्गज, कांग्रेस को लेकर ओपी चौटाला के तेवर पड़े नरम
Shantanu Roy
15 Jan 2023 6:34 PM GMT

x
बड़ी खबर
रोहतक। हरियाणा के दो पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला और भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने 2024 में प्रदेश की वर्तमान सरकार की विदाई की बात कही है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर की गई टिप्पणी को भूपेंद्र हुड्डा ने बौखलाहट की भाषा बताते हुए कहा कि निश्चित हो गया है कि 2024 में हरियाणा में कांग्रेस पार्टी की सत्ता आएगी। वहीं कांग्रेस पार्टी को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री ओपी चौटाला के तेवर नरम पड़ते नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि 2024 में कांग्रेस की सत्ता की भागीदारी में उन्हें कोई गुरेज नहीं है और 30 जनवरी को भारत जोड़ो यात्रा के कश्मीर में होने वाले समापन कार्यक्रम में भी उनकी पार्टी शामिल होगी। इसी के साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह का कहना है कि कांग्रेस पार्टी आज भी अकेले बीजेपी से मुकाबले के लिए तैयार नहीं है।
दरअसल भूपेंद्र सिंह हुड्डा, ओम प्रकाश चौटाला और बीरेंद्र सिंह कांग्रेस पार्टी के पूर्व मंत्री सुभाष बत्रा के पिता प्रकाश चंद बत्रा की 104 वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धांजलि व्यक्त करने के लिए रोहतक पहुंचे थे। इस दौरान भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर की गई टिप्पणी को बौखलाहट की भाषा बताते हुए कहा है कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आत्मविश्वास में रहती है और अब हरियाणा में पार्टी का ग्राफ भी बढ़ रहा है। हुड्डा ने कहा कि अब निश्चित है कि 2024 में हरियाणा में कांग्रेस ही सत्तासीन होगी। वहीं 30 जनवरी को कश्मीर में भारत जोड़ो यात्रा के समापन पर विपक्षी पार्टियों को शामिल होने का न्योता देने के सवाल पर नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यह निमंत्रण यात्रा के उद्देश्य के संदर्भ में दिए गए हैं, ताकि सभी एकजुट रहें, भाईचारा बना रहे और भारत से नफरत दूर हो। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य वोट लेना नहीं है, बल्कि इसका मकसद बेरोजगारी, महंगाई और नफरत के खिलाफ लोगों की आवाज को बुलंद करना है।
Next Story