वाल्मीकि के विचारों से मजबूत होगी सामाजिक एकता : डॉ. अरविंद शर्मा

सोनीपत: हरियाणा के सहकारिता, कारागार, पर्यटन, निर्वाचन एवं विरासत मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा और हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने महर्षि वाल्मीकि जयंती पर उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाएं समाज में समानता, सामाजिक समरसता और भाईचारे को मजबूत करने की प्रेरणा देती हैं।
मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं महर्षि वाल्मीकि के विचार
डॉ. अरविंद शर्मा ने सोमवार को गोहाना स्थित भगवान वाल्मीकि आश्रम में पत्नी डॉ. रीटा शर्मा के साथ आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि के विचार किसी एक समाज तक सीमित नहीं हैं, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। रामायण के माध्यम से उन्होंने सत्य, धर्म, कर्तव्य, त्याग और मर्यादा का संदेश दिया, जिसकी प्रासंगिकता हजारों वर्ष बाद भी बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि व्यक्ति की पहचान उसके कर्म, विचार और आचरण से होती है। महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों पर चलकर ऐसा समाज बनाया जा सकता है, जहां प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान मिले और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध हों।
समानता और नैतिकता का संदेश देती हैं वाल्मीकि की शिक्षाएं
हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने सोनीपत नगर निगम कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में महर्षि वाल्मीकि को नमन किया। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाएं सत्य, नैतिकता, समानता और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। रामायण भारतीय संस्कृति, आदर्श जीवन मूल्यों और मर्यादा का अनुपम प्रतीक है।
बड़ौली ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि के विचार सामाजिक सद्भाव और जनकल्याण की भावना को सुदृढ़ करते हैं। उनके आदर्शों को अपनाकर ऐसा समाज बनाया जा सकता है, जिसमें हर व्यक्ति को सम्मान और प्रगति के समान अवसर मिलें। उन्होंने समाज के सभी वर्गों के उत्थान तथा राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कई गणमान्य लोगों ने कार्यक्रमों में की शिरकत
गोहाना में आयोजित कार्यक्रम में एसडीएम अंकित कुमार, दीपक, आदित्य, रामू, रामपाल वाल्मीकि, कुलदीप आहुलाना, साहिल महमूदपुर, अनिल चावला और कुलदीप कौशिक सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
सोनीपत नगर निगम कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में महापौर राजीव जैन, प्रधान संजय चौधरी, कृष्ण एसआई, अधिवक्ता सौरव चौधरी, संजय चावरिया, पूर्व यूनियन प्रधान अजीत रिढ़लान, धर्मबीर बोहत और जयवीर गेहलावत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
विधायक निखिल मदान ने भी महर्षि वाल्मीकि को किया नमन
सोनीपत के विधायक निखिल मदान ने ककरोई रोड स्थित महर्षि वाल्मीकि आश्रम ट्रस्ट, नगर निगम कार्यालय सोनीपत और सामुदायिक केंद्र शादीपुर में आयोजित वाल्मीकि जयंती कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने महर्षि वाल्मीकि को नमन करते हुए उपस्थित लोगों को जयंती की शुभकामनाएं दीं।
मदान ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन, उनकी शिक्षाएं और उनके द्वारा रचित रामायण भारतीय संस्कृति एवं सभ्यता की अमूल्य धरोहर हैं। भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन के माध्यम से महर्षि वाल्मीकि ने समाज को सत्य, मर्यादा, कर्तव्य, त्याग और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।





