हरियाणा

हरयाणा के हिसार में नए छात्रों का उपनयन व वेदारंभ संस्कार आयोजित

Admin Delhi 1
15 April 2022 12:53 PM GMT
हरयाणा के हिसार में नए छात्रों का उपनयन व वेदारंभ संस्कार आयोजित
x

हरयाणा न्यूज़: आर्य समाज के सर्वोच्च संगठन सार्वदेशिक आर्य प्रतिनिधि सभा नई दिल्ली के प्रधान स्वामी आर्यवेश ने कहा है कि संस्कारयुक्त शिक्षा समाज की उन्नति के लिए आवश्यक है। बिना संस्कारों के शिक्षित व्यक्ति भी समाज का भला नहीं कर सकता। स्वामी आर्यवेश शुक्रवार को गुरुकुल धीरणवास में नए छात्रों का उपनयन व वेदारंभ संस्कार के अवसर पर अपना संबोधन दे रहे थे। उन्होंने कहा कि ब्रह्मचारियों को आशीर्वाद देने बिना संस्कारों की शिक्षा का व्यक्ति के जीवन में कोई महत्व नहीं है। समाज में शिक्षा का स्तर तो बढ़ रहा है परंतु नैतिकता का स्तर गिरता जा रहा है। इसके लिए जरूरी है कि प्रारंभ से ही छात्रों को संस्कारवान बनाया जाए और उनको इस प्रकार की शिक्षा प्रदान की जाए जिससे वे आगे चलकर समाज एवं देश उन्नति में सार्थक भूमिका निभा सके। यह सब गुरुकुलीय पद्धति में ही संभव है। गुरुकुल में बच्चा स्वावलंबन का पाठ पढ़ता है जो आगे चलकर जीवनपर्यंत काम आता है।

इस दौरान धीरणवास गुरुकुल परिसर में सत्र 2022–23 की शुरुआत वेदारंभ संस्कार का आयोजन करके किया गया। यज्ञ के मुख्य आचार्य वैदिक विद्वान देवदत्त शास्त्री रहे। उन्होंने सम्पूर्ण व्यवस्था करवाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता गुरुकुल के प्रधान स्वामी आदित्यवेश ने की। इस अवसर पर नव प्रवेशी ब्रह्मचारी व काफी संख्या में अभिभावक भी उपस्थित रहे। स्वामी आदित्यवेश ने उपस्थित अभिभावकों के सामने गुरुकुल परिसर में छात्रों के लिए प्रदान की जाने वाली सुविधाओं से अवगत करवाया और सत्र की योजनाओं की जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि इस सत्र से छात्रों के लिए गुरुकुल में स्मार्टक्लास रूम की व्यवस्था कर दी गई है। संस्कृत और अंग्रेजी स्पीकिंग कोर्स पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। यहां शिक्षा के साथ संस्कारों पर बल दिया जाएगा। कार्यक्रम में दलबीर आर्य मंत्री, हरपाल आर्य, अशोक आर्य, अजय शास्त्री, संदीप कुमार, विक्रम सिंह, सूबेसिंह आर्य, जगदीश, जोगेंद्र सिंह प्राचार्य, सोनू आर्य, सज्जन राठी, अजीतपाल, नत्थू सिंह, सतपाल अग्रवाल, सत्यप्रकाश आर्य, मनीराम गोयल, कृष्ण सैनी, कल्याणी आर्या, मुकेश आर्या आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहें।

Next Story