हरियाणा

अज्ञात बदमाशों ने डेयरी संचालक को मारी गोली

Admin Delhi 1
5 Aug 2022 11:36 AM GMT
अज्ञात बदमाशों ने डेयरी संचालक को मारी गोली
x

हांसी न्यूज़: हांसी शहर में लगातार बढ रही अपराधिक वारदातों से जहां अपराधियों के हौसले बुलंद हैं वहीं आम नागरिक व शहरवासियों में दहशत का माहौल है। अपराधियों ने हांसी में लगातार तीसरे दिन बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दी है। अज्ञात बदमाशों ने शुक्रवार सुबह तोशाम रोड़ स्थित एक डेयरी संचालक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। गोली लगने से घायल डेयरी संचालक को उपचार हेतु नागरिक अस्पताल लाया गया जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद हिसार रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस व सीन ऑफ क्राइम की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच आरंभ कर दी है। पुलिस प्राप्त जानकारी के अनुसार ढाणी गूजरान निवासी सरजीत ने तोशाम रोड़ पर गायों की डेयरी बनाई हुई है। जहां शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे एक कार में सवार 5 युवक डायरी पर पहुंचे और वहां पहुंचते ही डेयरी में तोड़ फोड़ करते हुए छप्पर में आग लगा दी और डेयरी में बंधी गाय व बछड़ों को खोल कर भगा दिया और जब सरजीत ने उन्हें रोकना चाहा तो उसके दोनों पैरों में गोली मारकर घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए। घायल सरजीत को उसका भाई बलजीत उपचार हेतु नागरिक अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे हिसार रेफर कर दिया।

एडवोकेट बंटी यादव के परिवार पर गोली चला कर उसकी मां व पत्नी की हत्या कर बंटी की ही कार लेकर फरार होने वाले आरोपितों ने शुक्रवार सुबह डेयरी संचालक सुरजीत पर गोलियां चलाने की वारदात को अंजाम दिया गया। नागरिक अस्पताल में उपचार के दौरान सरजीत ने बताया कि बंटी यादव के घर से छिनी गई कार में मोनू व उसके साथ चार अन्य युवक सुबह उसकी डेयरी पर आए और डेयरी में तोड़ फोड़ व आग लगाने के बाद मौके से कार में बैठ तोशाम रोड़ की ओर फरार हो गए। वहीं पुलिस द्वारा बृहस्पतिवार सुबह एडवोकेट बंटी यादव की मां और पत्नी की हत्या करने वाले हत्यारों को पकड़ने के लिए चार टीमें गठित करने की बात कही जा रही थी और कहा गया था कि पुलिस अलर्ट है। और जल्द आरोपितों को पकड़ लिया जाएगा। परंतु इसके बावजूद आरोपित वारदात को अंजाम देने के बाद हांसी घूमते रहे और पुलिस को इसकी भनक भी नहीं लगी। पुलिस की लापरवाही के चलते ही अब आरोपितों ने शुक्रवार सुबह ही एक ओर वारदात को अंजाम दे दिया।

Next Story