हरियाणा

बाजरे के कट्टों पर हाथ साफ कर रहे थे दो युवक, मंडी में पकड़े गए

Admindelhi1
20 Oct 2026 10:54 AM IST
बाजरे के कट्टों पर हाथ साफ कर रहे थे दो युवक, मंडी में पकड़े गए
x
बाजरे के कट्टे चुराने पहुंचे दो युवक नारनौल मंडी में पकड़े गए

नारनाैल: नई अनाज मंडी के पास सोमवार को नांगल चौधरी रोड पर खड़ी पिकअप गाड़ी से बाजरे के कट्टे चोरी करने का मामला सामने आया है। दो युवक कथित तौर पर पिकअप से बाजरे के कट्टे उतारकर बाइक पर लाद रहे थे। इसी दौरान पास में खड़े दूसरे वाहन चालक की नजर उन पर पड़ गई। उसने मौके पर पहुंचकर दोनों युवकों को पकड़ लिया। इसके बाद आसपास के लोगों ने दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

गांव खोड़मा निवासी किसान रमेश कुमार ने बताया कि वह अपनी पिकअप गाड़ी में बाजरा भरकर बेचने के लिए नारनौल की नई अनाज मंडी आया था। मंडी के बाहर जगह नहीं मिलने के कारण उसने अपनी गाड़ी नांगल चौधरी रोड पर खड़ी कर दी और किसी काम से मंडी के अंदर चला गया। इसी दौरान कुछ वाहन आगे खड़ी दूसरी गाड़ी के चालक ने अपने शीशे में देखा कि दो युवक रमेश की पिकअप से बाजरे के कट्टे उतारकर बाइक पर रख रहे हैं। उसे शक हुआ तो वह तुरंत मौके पर पहुंचा और दोनों युवकों को पकड़ लिया। इसके बाद उसने किसान रमेश को भी मौके पर बुला लिया।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के दुकानदारों, किसानों और अन्य लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर मौजूद मंडी कर्मचारियों ने बताया कि कुछ दिन पहले भी यहां खड़े एक टेंपो से बाजरे के पांच कट्टे चोरी हो गए थे। लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं से मंडी में फसल लेकर आने वाले किसानों और वाहन चालकों में चिंता बनी हुई है। किसानों का कहना है कि मंडी के आसपास खड़े वाहनों से फसल की सुरक्षा जरूरी है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की जांच और आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

Next Story