हरियाणा

गौरक्षक बनकर पशु व्यापारियों से लूटपाट, दो और आरोपी गिरफ्तार

Admindelhi1
18 Nov 2026 10:21 AM IST
गौरक्षक बनकर पशु व्यापारियों से लूटपाट, दो और आरोपी गिरफ्तार
x
स्कॉर्पियो में आए बदमाशों ने व्यापारियों को किया अगवा, अब दो और गिरफ्तार

हांसी: हरियाणा के हांसी में पशु व्यापारियों का अपहरण कर 12 पशुओं की लूट के मामले में सदर थाना पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान भिवानी जिले के सिरसा घोघड़ा गांव निवासी भवानी और अजीत के रूप में हुई है। पुलिस इससे पहले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर सभी 12 पशु बरामद कर चुकी है।

सहायक उप निरीक्षक राकेश कुमार के अनुसार, सात सितंबर को गाजियाबाद निवासी संजय अपने साथी वसीम और चालक बलकर्ण सिंह के साथ राजस्थान के हनुमानगढ़ से छह भैंस और उनके छह बच्चों को लेकर गाजियाबाद जा रहा था। रात करीब साढ़े बारह बजे ढाणा कलां गांव के पास काली स्कॉर्पियो में सवार आरोपियों ने उनकी गाड़ी रोक ली।

आरोप है कि बदमाशों ने खुद को गौरक्षक दल का सदस्य बताकर जांच के बहाने तीनों के मोबाइल छीन लिए। इसके बाद मारपीट कर उन्हें जबरन स्कॉर्पियो में बैठाया और पशुओं से भरी गाड़ी लेकर फरार हो गए। आरोपियों ने पीड़ितों को भिवानी-लोहारू रोड पर सुनसान स्थान पर छोड़ दिया और पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस ने पहले जितेंद्र, हिमांशु, लोकेश और अरुण को गिरफ्तार किया था। उनकी निशानदेही पर सभी पशु और वारदात में इस्तेमाल लकड़ी का डंडा बरामद किया गया। मामले में एक अपचारी बालक के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। अब भवानी और अजीत की गिरफ्तारी के साथ वयस्क गिरफ्तार आरोपियों की संख्या छह हो गई है।

Next Story