फेसबुक पर पुराने नोट खरीदने का विज्ञापन देकर ठगी, राजस्थान के दो आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में पांच रुपये के पुराने नोट के बदले एक करोड़ रुपये मिलने का लालच देकर एक व्यक्ति से एक लाख रुपये की साइबर ठगी करने का मामला सामने आया है। साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए राजस्थान के अलवर जिले के गांव शेरपुर बास निवासी राहुल और मोमीन को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने उन्हें पांच दिन के रिमांड पर लिया है।
पुलिस के अनुसार, फरीदाबाद के सेक्टर-8 निवासी शिकायतकर्ता राहुल ने फेसबुक पर पुराने करेंसी नोटों की खरीद-बिक्री से संबंधित एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने के बाद एक व्यक्ति ने खुद को एक्सचेंज बायर कंपनी से जुड़ा बताया।
आरोपी ने शिकायतकर्ता को विश्वास दिलाया कि उसके पास मौजूद पांच रुपये के पुराने नोट की कीमत करीब एक करोड़ रुपये है। इतनी बड़ी रकम मिलने की उम्मीद में शिकायतकर्ता उसकी बातों में आ गया।
इसके बाद ठगों ने रकम जारी करने के लिए टैक्स, सिक्योरिटी चार्ज और कस्टम फीस सहित विभिन्न शुल्क जमा कराने की बात कही। आरोपियों ने अलग-अलग बैंक खातों में शिकायतकर्ता से कुल एक लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए।
रकम जमा कराने के बावजूद जब काफी समय तक शिकायतकर्ता को पुराने नोट के बदले भुगतान नहीं मिला, तो उसे धोखाधड़ी होने का संदेह हुआ। इसके बाद उसने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और मामले में राजस्थान के अलवर जिले के रहने वाले राहुल और मोमीन को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी राहुल ने अपने दो परिचितों के बैंक खाते लेकर मोमीन को उपलब्ध कराए थे। मोमीन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पुराने नोट खरीदने से संबंधित विज्ञापन डालता था।
इन विज्ञापनों को देखकर संपर्क करने वाले लोगों को पुराने नोटों के बदले करोड़ों रुपये मिलने का लालच दिया जाता था। इसके बाद विभिन्न शुल्क के नाम पर उनसे रकम बैंक खातों में जमा करवाई जाती थी।
पुलिस के अनुसार, ठगी से प्राप्त रकम इन्हीं बैंक खातों में मंगाई जाती थी। जांच में यह भी सामने आया कि मोमीन दूसरे साइबर ठगों को भी बैंक खाते उपलब्ध कराता था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड अवधि के दौरान उनसे पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और ठगी की रकम के लेन-देन से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है।
फिलहाल साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों के नेटवर्क से अन्य कितने लोग जुड़े हैं और पुराने नोटों की खरीद-बिक्री के नाम पर कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया गया है।





