हरियाणा

जनगणना के दूसरे चरण के संचालन पर अधिकारियों को प्रशिक्षण

Admindelhi1
23 Oct 2026 10:28 AM IST
जनगणना के दूसरे चरण के संचालन पर अधिकारियों को प्रशिक्षण
x
जनगणना-2027 की तैयारियों पर जोर, अधिकारियों का प्रशिक्षण

नूंह: जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर गुरुवार काे अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त अखिल पिलानी ने संबंधित अधिकारियों को जनगणना के कार्यों को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके दौरान सही एवं सटीक आंकड़े एकत्रित करना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ निर्धारित दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनगणना से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध, व्यवस्थित एवं त्रुटिरहित ढंग से पूरे किए जाएं। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना से संबंधित आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं और सभी कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं तत्परता से करें। प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना प्रक्रिया को प्रभावी बनाना तथा इससे जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान चार्ज अधिकारियों, जनगणना चार्ज लिपिकों और तकनीकी सहायकों को जनगणना के द्वितीय चरण से संबंधित निर्धारित प्रक्रियाओं, तकनीकी पहलुओं, जिम्मेदारियों तथा आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनगणना संबंधी अभिलेखों के उचित संधारण, विभागीय समन्वय और तकनीकी सहायता के बारे में भी अवगत कराया गया। इसके अलावा, जनगणना कार्य के दौरान सामने आने वाली संभावित समस्याओं के समाधान तथा आंकड़ों की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि पूरी प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके। सिटी मजिस्ट्रेट अप्रितम सिंह ने भी जनगणना से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी देते हुए अधिकारियों को आगामी कार्यों को सुचारू रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण कार्यक्रम में चंडीगढ़ से आए फरीदाबाद के एडिशनल डिवीजनल इंचार्ज जसबीर सिंह, मुख्य प्रशिक्षक शिवम सिंह तथा जिला जनगणना समन्वय अधिकारी नरेंद्र ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया। इस दौरान जनगणना के द्वितीय चरण की तैयारियों और कार्यों के सफल संचालन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

Next Story