हरियाणा

हरियाणा में दर्दनाक हादसा सांप के डसने से दो मासूमों ने तोड़ा दम

nidhi
21 Aug 2026 9:11 AM IST
हरियाणा में दर्दनाक हादसा सांप के डसने से दो मासूमों ने तोड़ा दम
x
कैथल में ब्लैक कोबरा का कहर दो मासूमों की मौत से मचा हड़कंप
कैथल: हरियाणा के कैथल जिले में सांप के डसने से दो मासूम बच्चों की मौत का दर्दनाक मामला सामने आया है। दोनों घटनाएं अलग-अलग स्थानों पर हुईं, जिनमें एक बच्चा बेड पर सो रहा था, जबकि दूसरी बच्ची जमीन पर अपने माता-पिता के बीच सो रही थी। इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पहली घटना कैथल की शुगर मिल कॉलोनी की बताई जा रही है। यहां 10 वर्षीय हर्ष अपने परिवार के साथ कमरे में बेड पर सो रहा था। परिजनों के अनुसार, घर के पीछे झाड़ियों से एक सांप कमरे में पहुंच गया और रात के समय बच्चे को डस लिया। बताया जा रहा है कि बच्चे ने उठकर परिजनों को चूहे के काटने की बात कही, लेकिन बाद में आसपास देखने पर सांप नजर आया। परिजन तुरंत हर्ष को
कैथल नागरिक अस्पताल
लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि हर्ष छठी कक्षा का छात्र था। उसकी मौत से परिवार में मातम छा गया।
दूसरी घटना कैथल के गांव गदली की है, जहां तीन वर्षीय रंगोली को सांप ने डस लिया। बच्ची अपने माता-पिता के बीच जमीन पर सो रही थी। तड़के करीब चार बजे सांप ने उसे काट लिया। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के मौसम में घरों के आसपास झाड़ियां और पानी जमा होने के कारण सांपों के निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। कई बार सांप घरों के अंदर तक पहुंच जाते हैं, जिससे बच्चों और बुजुर्गों के लिए खतरा बढ़ जाता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि सांप के काटने पर झाड़-फूंक या घरेलू उपायों में समय बर्बाद नहीं करना चाहिए। पीड़ित को तुरंत अस्पताल पहुंचाना चाहिए, जहां एंटी-वेनम और जरूरी उपचार उपलब्ध कराया जा सकता है।
डॉक्टरों ने यह भी सलाह दी है कि घर के आसपास सफाई रखें, झाड़ियों और कचरे के ढेर को हटाएं, रात में बाहर निकलते समय टॉर्च का इस्तेमाल करें और सोने से पहले बिस्तर की जांच जरूर करें। बारिश के मौसम में जमीन पर सोने से बचने की भी सलाह दी गई है।
कैथल में एक ही समय पर दो बच्चों की मौत ने लोगों को झकझोर दिया है। घटना के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है, ताकि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।
Next Story