हरियाणा

सोनीपत में दर्दनाक हादसा, सवा दो साल के बच्चे की गई जान

Admindelhi1
18 Nov 2026 5:02 PM IST
सोनीपत में दर्दनाक हादसा, सवा दो साल के बच्चे की गई जान
x
1. सोनीपत में मासूम की मौत से मातम, बोलेरो चालक पर केस दर्ज

सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत जिले में दर्दनाक सड़क हादसे में सवा दो साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। बढ़मलिक स्थित जगबीर कॉलोनी में घर के बाहर खेल रहे बच्चे को बोलेरो चालक ने गाड़ी पीछे करते समय टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के कनवाखेड़ा गांव निवासी शुभम अपने परिवार के साथ जगबीर कॉलोनी में रहता है। मंगलवार शाम उसका बड़ा बेटा ओम घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान बोलेरो चालक आलोक निवासी चौखड़िया, जिला सीतापुर ने कथित तौर पर तेज गति से गाड़ी पीछे करते हुए बच्चे को टक्कर मार दी।

परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद उन्होंने चालक को वाहन रोकने के लिए आवाज लगाई, लेकिन वह मौके से भाग गया। गंभीर रूप से घायल ओम को तत्काल सरकारी अस्पताल सोनीपत ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल से सूचना मिलने पर सहायक उपनिरीक्षक राजकुमार पुलिस टीम के साथ पहुंचे और परिजनों के बयान दर्ज किए। बच्चे के पिता शुभम की शिकायत पर थाना राई पुलिस ने 18 नवंबर को आरोपी चालक आलोक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

Next Story