नशा तस्करी में इस्तेमाल तीन वाहन फ्रीज, कीमत साढ़े सात लाख

हिसार: नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई को तेज करते हुए हिसार पुलिस ने अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में सदर थाना में दर्ज हेरोइन तस्करी के एक मामले में आरोपी से संबंधित करीब 7 लाख 50 हजार रुपये कीमत के तीन वाहनों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के तहत फ्रीज किया गया है। पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से नशा तस्करों के आर्थिक नेटवर्क पर प्रभावी चोट पहुंचेगी।
पुलिस के अनुसार, सदर थाना हिसार में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21बी के तहत दर्ज मामले में पीरांवाली निवासी अजय उर्फ अज्जू को 100 ग्राम 250 मिलीग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया था। मामले की जांच के दौरान आरोपी से संबंधित संपत्तियों की पड़ताल की गई और तीन वाहनों को फ्रीज करने की प्रक्रिया पूरी की गई।
बलेनो, जेन एस्टिलो और बाइक पर कार्रवाई
पुलिस द्वारा फ्रीज किए गए वाहनों में करीब पांच लाख रुपये कीमत की बलेनो कार, दो लाख रुपये की जेन एस्टिलो कार और 50 हजार रुपये कीमत की टीवीएस स्पोर्ट्स बाइक शामिल हैं। तीनों वाहनों की कुल अनुमानित कीमत 7.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने सोमवार को कहा कि नशा तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति की पहचान कर उसे कानून के अनुसार फ्रीज और जब्त करवाने का अभियान लगातार जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि हिसार पुलिस का मकसद केवल नशा तस्करों को गिरफ्तार करना नहीं, बल्कि उनके अवैध कारोबार से जुड़े आर्थिक नेटवर्क को भी ध्वस्त करना है, ताकि नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।





