इंस्टाग्राम-व्हाट्सएप पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर ठगी, तीन आरोपी गिरफ्तार

नूंह: हरियाणा के नूंह जिले में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के दो अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन और फर्जी सिम कार्ड बरामद हुए हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर साड़ी और फर्नीचर बेचने का झांसा देते थे।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, साइबर क्राइम थाना की टीम जमालगढ़ रोड पर लुहिंगा कलां मोड़, पुन्हाना के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि गांव लहरवाड़ी निवासी हसीन और शेम खां ऑनलाइन साड़ी और फर्नीचर बेचने के नाम पर लोगों से ठगी करते हैं। पुलिस ने दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
मोबाइल फोन की जांच में शेम खां के फोन पर 'होम डेकॉर फर्नीचर' नाम से प्रोफाइल मिली। इसमें फर्नीचर से जुड़े फोटो और वीडियो मौजूद थे। फेसबुक पर 'आरोही अग्रवाल' नाम से भी आईडी मिली। वहीं, दूसरे आरोपी के फोन में इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर 'रुक्मिणी सिल्क' नाम से प्रोफाइल मिली। इसमें साड़ियों के प्रचार से जुड़े फोटो और वीडियो के साथ संदिग्ध चैट भी मिली। जांच में दोनों मोबाइल फोन में लगी सिम दूसरे लोगों के नाम पर पंजीकृत पाई गईं।
दूसरे मामले में पुलिस ने गांव महूं निवासी एक नाबालिग को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, वह साइबर ठगी में शामिल लोगों को फर्जी सिम कार्ड उपलब्ध करवाता था। उसे अडबर चौक के पास मिली सूचना के आधार पर मरोड़ा आईटीआई के नजदीक से पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से दो मोबाइल फोन और दो अतिरिक्त सिम कार्ड बरामद हुए।
पुलिस ने दोनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों से पूछताछ कर साइबर ठगी से जुड़े अन्य पहलुओं और नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।





