
हिसार: गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग द्वारा ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के ‘कंपनी कनेक्ट क्लब’ तथा डिजाइनसेंस सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से मैकेनिकल इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों के लिए ‘डिजाइन, इनोवेशन और करियर के अवसर’ विषय पर एक सेमिनार का आयोजन किया गया।
सेमिनार का आयोजन ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के सेमिनार हॉल में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को मैकेनिकल इंजीनियरिंग के क्षेत्र में उभरते हुए इंडस्ट्री ट्रेंड्स, आधुनिक डिजाइन टेक्नोलॉजी, स्किल डेवलपमेंट और करियर के अवसरों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी देना था।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विजय कुमार ने कहा कि उद्योग से जुड़ी ऐसी पहल हमारे विद्यार्थियों को उभरती हुई तकनीक और बदलते करियर के अवसरों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी और अनुभव प्रदान करती हैं। उन्होंने उद्योग व शिक्षण के बीच तालमेल को मजबूत करने और विद्यार्थियों को उद्योग के लिए तैयार करने में मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग और ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के प्रयासों की सराहना की।
कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने अपने संदेश में कहा कि इस तरह के सेमिनार विद्यार्थियों को उद्योग के पेशेवरों के साथ संवाद करने और वास्तविक दुनिया की उम्मीदों को समझने का एक बेहतरीन मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने इस पहल को सार्थक और प्रभावशाली बनाने के लिए आयोजकों, उद्योग विशेषज्ञों, शिक्षकों व विद्यार्थियों को बधाई दी।
प्लेसमेंट निदेशक डॉ. प्रताप सिंह ने अपने स्वागत संबोधन में विद्यार्थियों के तकनीकी कौशल को विकसित करने और उन्हें उद्योग के लिए तैयार करने में उद्योग के साथ संवाद के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को उद्योग विशेषज्ञों के साथ सक्रिय रूप से जुड़ने और ऐसे अवसरों का पूरा लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।
सेमिनार में एक संवाद प्रश्नोत्तर सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को वक्ताओं से सीधे संवाद करने और डिजाइन सॉफ्टवेयर, उद्योग की जरूरतों, करियर के अवसरों, इंटर्नशिप और पेशेवर कौशल विकास से जुड़े अपने सवालों के जवाब पाने का अवसर मिला।





