हरियाणा

युवा संसद में पर्यावरण संरक्षण पर मंथन, 50 छात्राओं समेत 85 युवाओं ने लिया हिस्सा

Admindelhi1
17 Nov 2026 10:57 AM IST
युवा संसद में पर्यावरण संरक्षण पर मंथन, 50 छात्राओं समेत 85 युवाओं ने लिया हिस्सा
x
एआई और सोशल मीडिया के दौर में युवाओं को हरविन्द्र कल्याण की नसीहत, बोले- पहले परखें तथ्य

चंडीगढ़: हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावी बनाने और जनप्रतिनिधियों से उनके दायित्वों का समुचित निर्वहन करवाने के लिए नागरिकों का जागरूक होना बेहद आवश्यक है। नीतियां कितनी भी अच्छी क्यों न हों, उनका वास्तविक लाभ तभी मिलता है, जब उनके क्रियान्वयन में जनभागीदारी सुनिश्चित हो। उन्होंने युवाओं से धैर्य, अनुशासन और निरंतर परिश्रम के साथ अपने लक्ष्यों की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

विधानसभा अध्यक्ष सोमवार को हरियाणा विधानसभा की ओर से आयोजित संविधान पखवाड़े के तहत 'हरियाणा युवा संवाद-2026' के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम में 12 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के 64 शिक्षण संस्थानों से 85 युवा प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें 50 छात्राएं शामिल रहीं।

युवा संसद में सत्ता पक्ष और विपक्ष की भूमिका

कार्यक्रम के दौरान आयोजित युवा संसद की कार्यवाही में प्रतिभागियों ने लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप विभिन्न भूमिकाएं निभाईं। इनमें 45 प्रतिभागियों ने सत्ता पक्ष, 37 ने विपक्ष और तीन ने निर्दलीय विधायकों की भूमिका निभाई।

युवा संवाद का मुख्य विषय 'पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास : संवैधानिक दायित्व एवं सामूहिक कार्रवाई को आगे बढ़ाना' रखा गया। इस विषय के तहत युवाओं ने पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपने विचार रखे।

कार्यक्रम का आयोजन सामाजिक संस्था राजधानी युवा संसद के सहयोग से किया गया।

डॉ. कलाम और डॉ. आंबेडकर से प्रेरणा लेने की अपील

हरविन्द्र कल्याण ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। दोनों महान विभूतियों ने कठिन परिस्थितियों और अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए अपने ज्ञान, परिश्रम और संकल्प के बल पर देश के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया।

उन्होंने कहा कि इन महान व्यक्तित्वों का जीवन हमें सिखाता है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी विपरीत क्यों न हों, दृढ़ इच्छाशक्ति और लगातार प्रयास से बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। युवाओं को भी अपने जीवन में इसी तरह अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच को अपनाना चाहिए।

एआई के इस्तेमाल में विवेक और जिम्मेदारी जरूरी

विधानसभा अध्यक्ष ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और आधुनिक तकनीकों के बढ़ते उपयोग पर भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि तकनीक का उद्देश्य मानवीय क्षमताओं को बढ़ाना और कार्यों को अधिक प्रभावी बनाना होना चाहिए। इसका उपयोग विवेक और जिम्मेदारी के साथ किया जाना जरूरी है।

उन्होंने युवाओं को आगाह किया कि तकनीक उन्हें सही दिशा में आगे बढ़ाने का माध्यम बने, न कि भ्रमित करने का कारण। आज सूचनाओं का प्रवाह बेहद तेज है। ऐसे में किसी भी विषय पर राय बनाने से पहले तथ्यों की सत्यता जांचना आवश्यक है।

उन्होंने गलत सूचनाओं और भ्रामक तथ्यों के आधार पर किसी भी प्रकार का नैरेटिव तैयार करने से बचने की अपील की। इस अवसर पर राजधानी युवा संसद की एडवोकेट ईशा कपूर और जय सैनी भी मौजूद रहे।

Next Story