हरियाणा

थाने के बाहर निकलकर महिला ने पिया ज़हर, इलाज जारी

Shantanu Roy
29 Jun 2022 10:44 AM GMT
थाने के बाहर निकलकर महिला ने पिया ज़हर, इलाज जारी
x
बड़ी खबर

अंबाला। हरियाणा के अंबाला कैंट ‌में थाने के बाहर एक महिला ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। महिला पुलिस थाने में अपने ससुरालियों के खिलाफ शिकायत देने पहुंची थी। महिला का आरोप है कि ससुराल पक्ष उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करता है। पुलिस दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत कर रही थी कि महिला तुरंत FIR दर्ज करके गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गई।

इतने में ही महिला ने थाने के बाहर आत्महत्या करने के ल‌िए जहरीला पदार्थ निगल लिया। अफरा-तफरी में पुलिस कर्मी महिला को अस्पताल लेकर पहुंचे। गनीमत रही कि महिला की जान बच गई, लेकिन पुलिस ने जांच अधिकारी की शिकायत पर महिला के खिलाफ धारा 309 के तहत केस दर्ज किया है। वहीं उसकी शिकायत पर जांच जारी है।
काउंसिलिंग के दौरान अचानक भड़की महिला
जांच अधिकारी सुमन ने बताया कि 11 जून को कच्चा बाजार निवासी संध्या पत्नी संजीव कुमार ने ससुराल पक्ष द्वारा दहेज के लिए तंग करने की शिकायत दी थी। इसके पश्चात संध्या द्वारा 17 जून को पूछताछ के लिए दोनों पक्षों को बुलाया गया था। संध्या, अपनी मां आशा व अन्य लोगों के साथ थाने पहुंची। दोनों पक्षों की काफी समय तक काउंसिलिंग हुई, लेकिन संध्या ससुराल पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके गिरफ्तार करने की मांग पर अड़िग थी।
आत्महत्या की धमकी देते हुए निगला जहर
जांच अधिकारी सुमन ने बताया कि परिवादिया संध्या थाने के मेन गेट के पास जाकर अपने ससुराल पक्ष व पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश करती रही। देखते ही देखते संध्या ने अपने हाथ में पकड़े थैले से शीशी निकालकर जहरीला पदार्थ निगल लिया। वे तुरंत अंबाला कैंट सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
Next Story