हरियाणा

ग्रामीणों के प्रदर्शन ने लिया उग्र रूप, पुलिस पर पथराव

Admindelhi1
25 Oct 2026 12:00 PM IST
ग्रामीणों के प्रदर्शन ने लिया उग्र रूप, पुलिस पर पथराव
x
धरना दे रहे ग्रामीणों की पुलिस से झड़प, मौके पर पत्थरबाजी

फरीदाबाद: अरावली क्षेत्र में बसे भाखरी गांव में नगर निगम की ओर से कूड़ा डालने और डंपिंग यार्ड बनाने के विरोध में शनिवार को ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। धरना हटाने पहुंची पुलिस का ग्रामीणों ने विरोध किया और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। स्थिति बिगडऩे पर मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को धरना स्थल से खदेड़ दिया। जेसीबी की मदद से धरना स्थल पर लगा टेंट भी हटा दिया गया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस की कई टीमें तैनात की गई हैं। भाखरी गांव में नगर निगम की ओर से कूड़ा डालने और डंपिंग यार्ड बनाने की योजना के विरोध में ग्रामीण पिछले करीब 11 दिनों से धरने पर बैठे थे। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन अरावली क्षेत्र में कूड़ा डालने की व्यवस्था कर रहा है, जिसका वे लगातार विरोध कर रहे हैं। शनिवार को धरना स्थल खाली कराने पहुंची पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और पथराव शुरू हो गया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए धरना समाप्त करा दिया। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि अरावली एक संवेदनशील प्राकृतिक क्षेत्र है।

यहां कूड़ा डालने से पर्यावरण को नुकसान पहुंचेगा। उनका आरोप है कि कचरे से निकलने वाला दूषित पानी जमीन में जाने से भूजल प्रदूषित हो सकता है, जिससे आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर भी गंभीर असर पडऩे की आशंका है। झड़प के दौरान हुए पथराव में कई लोगों को हल्की चोटें आने की सूचना है। घटना के बाद धरना स्थल पर तनाव बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन ने मौके पर कई टीमें तैनात की हैं।

Next Story