हरियाणा

विकसित भारत संकल्प सभा के बाद सामने आए प्रदेश अध्यक्ष

Admindelhi1
7 Oct 2026 7:08 PM IST
विकसित भारत संकल्प सभा के बाद सामने आए प्रदेश अध्यक्ष
x
गुरुग्राम में सभा के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का बयान

गुरुग्राम: सेक्टर-29 स्थित लेजर वैली महाराणा प्रताप स्वर्ण जयंती पार्क के सामने बुधवार को आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा के समापन के बाद स्वच्छता का विशेष ख्याल रखा गया। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने स्वयं आगे आकर वहां पर बिखरे कागज, खाने के पैकेट व अन्य कचरा उठाया। इस तरह से उन्होंने कार्यकर्ताओं को स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।

लेजर वैली पार्क के सामने मैदान में विकसित भारत संकल्प सभा आयोजित की गई। इस सभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता, हरियाणा भाजपा प्रभारी स्मृति ईरानी समेत अनेक नेताओं ने शिरकत की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल भाषण हुआ। इसके बाद गृह मंत्री अमित शाह का संबोधन हुआ। कार्यक्रम समाप्ति के बाद डॉ. अर्चना गुप्ता ने स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ सफाई करते हुए कचरा एकत्रित किया। खुद एक झोला उठाया और उसमें कूड़ा-कचरा एकत्रित करने लगीं। इस तरह से उन्होंने सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का आह्वान किया। साथ ही यह भी संदेश दिया कि हम कभी भी किसी भी कार्यक्रम में जाएं तो स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।

इस दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री वेद फुल्ला, गुरुग्राम के भाजपा विधायक मुकेश शर्मा और महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने भी स्वच्छता अभियान में भागीदारी करते हुए स्वच्छता का संकल्प लिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक अभियान या अवसर तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी और जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे स्वयं स्वच्छता अपनाने के साथ-साथ समाज में भी लोगों को इसके प्रति जागरूक करें। सभा के बाद प्रदेशाध्यक्ष और कार्यकर्ताओं द्वारा चलाए गए स्वच्छता अभियान ने सेवा, अनुशासन और सामाजिक दायित्व का संदेश दिया।

Next Story