
चंडीगढ़: हरियाणा में सफाई कर्मचारियों के आंदोलन को खत्म कराने के लिए नायब सिंह सैनी सरकार और कर्मचारी संगठनों के बीच बातचीत निर्णायक दौर में पहुंच गई है। कर्मचारियों की कुल 13 प्रमुख मांगों में से सरकार 12 मांगों पर सहमति जताने को तैयार है, लेकिन एक मांग पर सहमति नहीं बनने से आंदोलन समाप्त होने का रास्ता नहीं निकल पाया है। यह मांग सफाई कर्मचारियों को नियमित करने से जुड़ी बताई जा रही है। इसी मुद्दे पर सरकार और कर्मचारी संगठनों के बीच पेच फंसा हुआ है। सफाई कर्मचारी लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि वे शहरों और कस्बों की सफाई व्यवस्था की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालते हैं, लेकिन बड़ी संख्या में कर्मचारी अस्थायी, अनुबंध या दूसरी व्यवस्थाओं के तहत काम कर रहे हैं। इसी वजह से नौकरी की सुरक्षा और नियमितीकरण उनकी प्रमुख मांग बनी हुई है।





