संत रविदास की 650वीं जयंती पर समरसता संकल्प यात्रा, हरियाणा में होगा स्वागत

सोनीपत: संत रविदास जी महाराज के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में देशव्यापी समरसता संकल्प यात्रा निकाली जा रही है। 18 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक चलने वाली यह यात्रा लगभग 2402 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और 47 शहरों से गुजरेगी। हरियाणा में यात्रा का आगमन 25 नवंबर को होगा।
रविवार को सोनीपत के पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह और गोहाना में आयोजित पत्रकार वार्ताओं में खरखौदा से भाजपा विधायक पवन खरखौदा ने यात्रा की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संत रविदास ने समाज को समानता, सम्मान, स्वाभिमान और भाईचारे का संदेश दिया था।
विधायक ने बताया कि यात्रा पंजाब के जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां से शुरू हुई है। इसका समापन वाराणसी स्थित संत रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर में होगा।
हरियाणा में यात्रा 25, 26 और 28 नवंबर को विभिन्न जिलों से गुजरेगी। मुख्य यात्रा यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद और पलवल सहित आठ जिलों से होकर निकलेगी। अन्य 15 जिलों से उपयात्राएं निकाली जाएंगी।
25 नवंबर को यात्रा यमुनानगर से हरियाणा में प्रवेश करेगी। कुरुक्षेत्र के उमरी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की उपस्थिति में जनसभा आयोजित होगी।
26 नवंबर को यात्रा करनाल और पानीपत होते हुए सोनीपत पहुंचेगी। बहालगढ़ में जनसभा के बाद यात्रा उत्तर प्रदेश की ओर रवाना होगी। इसके बाद 28 नवंबर को दिल्ली से फरीदाबाद पहुंचकर पलवल और होडल होते हुए उत्तर प्रदेश जाएगी।
पवन खरखौदा ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य संत रविदास की शिक्षाओं को समाज के सभी वर्गों तक पहुंचाना है। इस दौरान स्वागत समारोह, सामाजिक संवाद, समरसता भोज और संत-महापुरुषों को श्रद्धांजलि देने के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर संत रविदास को पर्याप्त सम्मान नहीं देने का आरोप भी लगाया। विधायक ने सोनीपत, गोहाना और खरखौदा सहित प्रदेश के लोगों से यात्रा में भाग लेने की अपील की।





