हरियाणा

हरियाणा में 25 नवंबर को पहुंचेगी समरसता संकल्प यात्रा

Admindelhi1
24 Nov 2026 8:00 AM IST
हरियाणा में 25 नवंबर को पहुंचेगी समरसता संकल्प यात्रा
x
सामाजिक समरसता का संदेश लेकर 47 शहरों से गुजरेगी यात्रा

हिसार: हरियाणा के कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि सामाजिक समरसता भाजपा की मूल विचारधारा का आधार है। पार्टी सभी वर्गों को समान सम्मान और विकास के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान सद्गुरु श्री रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष पर आयोजित समरसता संकल्प यात्रा की जानकारी दी।

गंगवा ने बताया कि 18 नवंबर से 3 दिसंबर तक चलने वाली यह यात्रा पंजाब के जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां से शुरू हुई है। करीब 2402 किलोमीटर की यात्रा विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित क्षेत्रों के 47 शहरों से गुजरकर वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर में संपन्न होगी।

हरियाणा में यात्रा 25, 26 और 28 नवंबर को रहेगी। मुख्य यात्रा आठ जिलों से गुजरेगी, जबकि हिसार सहित शेष 15 जिलों की उपयात्राएं इसमें शामिल होंगी। इस तरह प्रदेश के सभी 23 जिलों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि 25 नवंबर को कुरुक्षेत्र के उमरी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं 26 नवंबर को सोनीपत के बहालगढ़ और 28 नवंबर को फरीदाबाद में जनसभाएं आयोजित होंगी।

गंगवा ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य संत रविदास के समानता, भाईचारे और सामाजिक एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़ सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Next Story