हरियाणा

महिला की मौत का रहस्य गहराया, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अहम सुराग

Admindelhi1
23 Nov 2026 4:11 PM IST
महिला की मौत का रहस्य गहराया, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अहम सुराग
x
डायटम टेस्ट में खुलासा, डूबने से महिला की मौत की आशंका

फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में समयपुर नाले से बरामद महिला के शव के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने जांच को नई दिशा दी है। डायटम टेस्ट में महिला के फेफड़ों में पानी के अंश पाए गए हैं। इसके आधार पर आशंका जताई जा रही है कि नाले में फेंके जाने के समय महिला जीवित थी और पानी में डूबने के कारण उसकी मौत हुई।

पुलिस अब इस संभावना की भी जांच कर रही है कि वारदात से पहले महिला को बेहोश किया गया था या नहीं। हालांकि, अभी तक उसकी मौत से जुड़ी परिस्थितियां पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी हैं।

गत 14 नवंबर को समयपुर नाले में पत्थर से बंधा महिला का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए सेक्टर-58 थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

प्रारंभिक अनुमान के अनुसार मृतका की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच थी। उसके शरीर पर मंगलसूत्र और विवाह से जुड़े अन्य आभूषण मिले हैं। लंबे समय तक पानी में रहने के कारण शव की स्थिति खराब हो चुकी थी, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है।

घटनास्थल से कोई पहचान पत्र अथवा अन्य दस्तावेज भी बरामद नहीं हुआ। ऐसे में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतका की पहचान सुनिश्चित करना है।

क्राइम ब्रांच और सीन ऑफ क्राइम की टीमें घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटा चुकी हैं। पुलिस आसपास के जिलों में दर्ज महिलाओं की गुमशुदगी की शिकायतों का रिकॉर्ड खंगाल रही है।

अधिकारियों को उम्मीद है कि मृतका की पहचान होने के बाद उसके परिचितों और संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटाई जा सकेगी। इससे हत्याकांड के पीछे की वजह और आरोपितों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है। फिलहाल पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।

Next Story