हरियाणा

कूड़ा उठाने वाली 15 गाड़ियों पर सवाल, मेयर ने लगाई फटकार

Admindelhi1
19 Oct 2026 10:27 AM IST
कूड़ा उठाने वाली 15 गाड़ियों पर सवाल, मेयर ने लगाई फटकार
x
जमीन पर नहीं दिखीं 15 कूड़ा गाड़ियां, रिकॉर्ड में चलने का दावा

सोनीपत: नगर निगम के मेयर राजीव जैन ने रविवार को डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों की संख्या का निरीक्षण किया। निर्धारित संख्या से कम गाड़ियां मिलने पर उन्होंने ठेकेदार को एक सप्ताह के भीतर गाड़ियों की संख्या पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि दोबारा गाड़ियां कम मिलीं तो भारी जुर्माना लगाया जाएगा।

मेयर जैन रविवार सुबह मुरथल रोड स्थित ठेकेदार द्वारा बनाए गए गाड़ियों के पार्किंग स्थल पर पहुंचे और गाड़ियों की गिनती करने के साथ पिछला रिकॉर्ड भी जांचा। उन्होंने पाया कि निर्धारित संख्या से अभी भी 15 गाड़ियां कम हैं और शाम के समय बाजारों में भी कम गाड़ियां भेजी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जब तक गाड़ियों की संख्या पूरी नहीं होगी, तब तक सड़कों पर कूड़ा डालने वाले लोगों के खिलाफ सख्ती करना संभव नहीं है।

उल्लेखनीय है कि जेवीएम कंपनी के पुराने ठेकेदार द्वारा 85 गाड़ियों के स्थान पर केवल 50 से 60 गाड़ियां चलाए जाने के कारण कंपनी ने दूसरे ठेकेदार की व्यवस्था की है, जिसने 2 अक्टूबर से काम शुरू किया है। मेयर ने निरीक्षण के दौरान पाया कि कई गाड़ियां काफी पुरानी और आकार में छोटी हैं। ये अक्सर खराब होकर खड़ी हो जाती हैं। उन्होंने इन गाड़ियों के स्थान पर नई गाड़ियां उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। साथ ही कंपनी के अधिकारियों से कहा कि धीरे-धीरे सभी गाड़ियों को इलेक्ट्रिक किया जाए, ताकि प्रदूषण का स्तर कम हो सके।

राजीव जैन ने कहा कि घर-घर से सही ढंग से कूड़ा नहीं उठने के कारण शहर में जगह-जगह डंपिंग पॉइंट बन गए हैं। इन्हें धीरे-धीरे खत्म किया जाएगा। उन्होंने बाबा धाम के पीछे बनाए गए मुख्य डंपिंग स्टेशन को आबादी क्षेत्र से दूसरी जगह स्थानांतरित करने के लिए वैकल्पिक जमीन चिन्हित करने के भी निर्देश दिए।

Next Story