हरियाणा

पुलिस थानों में दलालों की एंट्री बैन होने का पत्र वायरल होने से मचा हड़कंप, विज ने जारी किए थे आदेश

Shantanu Roy
7 Dec 2022 6:36 PM GMT
पुलिस थानों में दलालों की एंट्री बैन होने का पत्र वायरल होने से मचा हड़कंप, विज ने जारी किए थे आदेश
x
बड़ी खबर
चंडीगढ़। प्रदेश की बिगड़ी पुलिसिया कार्य प्रणाली में सुधार करने को लेकर प्रदेश के गृह मंत्री अनिल विज के आदेशों के बाद एक और बेहतरीन बड़ा बदलाव सामने आया है। दरअसल गृह मंत्री अनिल विज के खुले दरबार में प्रदेश के कोने-कोने से पहुंचे पीड़ित लोग अधिकतर पुलिस के खिलाफ शिकायतें लेकर पहुंचते थे। लगातार विज के दरबार में बढ़ने वाली भीड़ बेशक अनिल विज के प्रति प्रदेशवासियों के बढ़ते विश्वास को दर्शाती हो, लेकिन दूसरे नजरिए से प्रदेश पुलिस की दिशा और दशा सही नहीं है यह बात भी अनिल विज दिमाग में घर किए हुए थी। गृह मंत्री अनिल विज ने इस मामले में तुरंत प्रभाव से पुलिस महानिदेशक को आदेश जारी किए थे कि हर पुलिस अधीक्षक अपने कार्यालय में रोजाना एक घंटा तक लोगों की समस्याएं सुनेगा और हर थाना- चौकियों में आम जनमानस खुले मन से विश्वास के साथ पहुंचे, ऐसा माहौल पैदा किया जाए। इसके साथ साथ अनिल विज द्वारा यह भी आदेश जारी किए गए थे कि सुविधा शुल्क के लेनदेन के जरिया (दलालों) पर तुरंत प्रभाव से नकेल कसी जाए। क्योंकि बहुत से ऐसे मामले अनिल विज के दरबार में भी पहुंचे थे, जिसमें हुई जांच में दलालों के थ्रू पुलिस अधिकारियों से पैसे के लेनदेन का मामला सामने आया था।
गृह मंत्री अनिल विज के सपने को साकार करने का काम सबसे पहले पानीपत पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह सावन ने किया है। वायरल इस पत्र ने हड़कम्प मचा दिया है।पानीपत पुलिस अधीक्षक ने जिले के 63 ऐसे लोगों के नाम- जाति- पता सहित सूचीबद्ध जारी किए हैं जो अनावश्यक थाना-चौकियों में घूमते पाए जाते थे। शिकायतकर्ता या आरोपी पक्ष से संपर्क साध कर पुलिस के नाम पर पैसा ऐंठते थे। ऐसे लोगों को चौकी- थानों में एंट्री ना होने देने के भी आदेश जिला पुलिस को दिए गए हैं। पानीपत पुलिस अधीक्षक के साफ़ आदेश है कि अगर इन लोगों द्वारा पुलिस के नाम पर किसी भी प्रकार के लेनदेन की सूचना मिले तो तुरंत प्रभाव से इनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए। साफ तौर पर अनिल विज के आदेशों के बाद पानीपत पुलिस अधीक्षक का यह फैसला जिले की जनता के लिए बेहद सुखद और न्यायप्रिय परिणाम लेकर आएगा। यह वायरल पत्र जारी होने के बाद हड़कंप मचना स्वाभाविक है। हरियाणा के अंदर किसी भी जिले के किसी भी क्षेत्र में इस प्रकार की पहली सूची जारी होने का वायरल पत्र सोशल मीडिया पर घूम रहा है। इस बारे में यह भी जानकारियां मिल रही है कि जिन लोगों के नाम इस सूची में क्रमबद्ध किए गए हैं इनकी अभी पड़ताल पानीपत पुलिस ने करनी है।
Next Story