हरियाणा

पीएफआई सेंटर की शुरुआत को निवेश के लिए बताया महत्वपूर्ण

Admindelhi1
22 Sept 2026 5:47 PM IST
पीएफआई सेंटर की शुरुआत को निवेश के लिए बताया महत्वपूर्ण
x
पीएफआई इनोवेशन सेंटर की शुरुआत पर राव नरबीर सिंह का बयान

गुरुग्राम: हरियाणा की ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी) नीति के तहत उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने मंगलवार को गुरुग्राम के साइबर सिटी में प्रूडेंशियल फाइनेंशियल इंक (पीएफआई) के पहले इनोवेशन सेंटर इंडिया का उद्घाटन किया।

अपने संबोधन में मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि करीब 150 वर्ष पुरानी प्रूडेंशियल फाइनेंशियल (पीएफआई) फॉर्च्यून-200 कंपनी है। इसके द्वारा भारत में अपना पहला इनोवेशन सेंटर स्थापित किया है। भारत में भी गुरुग्राम में इस सेंटर का खुलना प्रदेश की बढ़ती वैश्विक पहचान और निवेशकों के भरोसे को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि गुरुग्राम आज दुनिया के प्रमुख ग्लोबल बिजनेस हब के रूप में अपनी पहचान बना चुका है। वित्तीय सेवाओं, सूचना प्रौद्योगिकी, परामर्श और आधुनिक तकनीकी क्षेत्रों में यहां विकसित मजबूत कारोबारी एवं नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र ने गुरुग्राम को दुनिया की अग्रणी कंपनियों के लिए पसंदीदा गंतव्य बनाया है। पीएफआई जैसे प्रतिष्ठित वैश्विक संस्थान द्वारा यहां इनोवेशन सेंटर की स्थापना इस पहचान को और मजबूती प्रदान करेगी।

उन्होंने कहा कि हरियाणा की वैश्विक क्षमता केंद्र (जीसीसी) नीति के तहत पीएफआई के इनोवेशन सेंटर की शुरुआत प्रदेश में वैश्विक कंपनियों के बढ़ते विश्वास को रेखांकित करती है। उन्होंने पीएफआई और बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप की टीम को इस महत्वपूर्ण पहल के लिए बधाई दी। राव नरबीर सिंह ने कहा कि उनको मिले फीडबैक के तहत हरियाणा की जीसीसी नीति देश के विभिन्न राज्यों में अग्रणी नीतियों में शामिल है। यहां मिलने वाली प्रोत्साहन राशि अन्य स्थानों की तुलना में अधिक है और इसके लाभ भी तेज गति से तथा बिना अनावश्यक अड़चनों के उपलब्ध कराए जाते हैं।

उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार का विशेष जोर प्रदेश के युवाओं को वैश्विक स्तर की कंपनियों के साथ काम करने तथा आधुनिक तकनीक और नए कौशल में आगे बढऩे के अवसर उपलब्ध कराने पर है। उन्होंने कहा कि पीएफआई का यह केंद्र वित्त, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), प्रौद्योगिकी और अन्य उभरते क्षेत्रों में नवाचार तथा उच्च कौशल आधारित कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। निवेश-अनुकूल व्यवस्था वैश्विक कंपनियों के लिए हरियाणा को आकर्षक गंतव्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

कार्यक्रम में प्रूडेंशियल फाइनेंशियल इंक. के कार्यकारी उपाध्यक्ष एवं प्रौद्योगिकी व परिचालन अधिकारी स्कॉट केस, कार्यकारी उपाध्यक्ष एवं मुख्य कार्मिक एवं अनुभव अधिकारी विक्की वालिया, पीएफआई इनोवेशन सेंटर इंडिया के उपाध्यक्ष एवं भारत प्रमुख प्रवीण गोयल, मानव संसाधन प्रमुख उपासना निश्चल, मुख्य परिचालन अधिकारी (प्रौद्योगिकी एवं परिचालन) डैन स्टीफेंसन तथा उपाध्यक्ष, रणनीतिक पहल बिल सिडलोस्की, बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप के स्नेहिल गंभीर तथा उद्योग विभाग हरियाणा के अधिकारी व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Next Story