हरियाणा

अनुबंधित कर्मचारियों की स्थायी नियुक्ति ना होने तक नहीं जाएगी नौकरी

Admin Delhi 1
13 Sep 2022 1:18 PM GMT
अनुबंधित कर्मचारियों की स्थायी नियुक्ति ना होने तक नहीं जाएगी नौकरी
x

हरयाणा न्यूज़: मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोमवार को भारतीय मजदूर संघ, हरियाणा के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की। इस दौरान मजदूर संघ द्वारा रखी गई 27 मांगों पर मुख्यमंत्री ने गहनता से विचार विमर्श किया और उन्हें पूरा करने के लिए विभागानुसार आवश्यक दिशानिर्देश दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार मजदूर और कर्मचारी वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। समय-समय पर मजदूर और कर्मचारी वर्ग द्वारा उठाई जाने वाली मांगों पर विचार करके प्रदेश हित में फैसले लिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने आने वाली 17 सितंबर को विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर भव्य आयोजन करने की घोषणा भी की। बैठक के दौरान मजदूर संघ की मांगों पर विचार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक किसी पद पर स्थायी नियुक्त नहीं हो जाती, उस पद पर कार्यरत अनुबंधित कर्मचारी को नहीं हटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रथम दायित्व जनता को बेहतर से बेहतर सेवा प्रदान करना है। इसके लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पैक्स कर्मचारियों की पदोन्नति के लिए पैक्स नियम में संशोधन की आवश्यकता है, इस संबंध में उन्होंने विभाग को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त पैक्स से जुड़ा जो भी कर्मचारी बैंकिंग आप्रेशन में आना चाहता है, उन्हें टेस्ट देना होगा। इस टेस्ट को देने की कोई सीमा नहीं होगी, कर्मचारी जब भी टेस्ट पास कर लेगा, वह बैकिंग आप्रेशन में कार्य कर सकता है। शुगर मिल कर्मचारियों की मांग पर मुख्यमंत्री ने सहकारिता विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव को मजदूर संघ के साथ बैठक करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने बिजली निगम को निर्देश दिए हैं कि वे अनुबंधित कर्मचारियों को भी सुरक्षा उपकरण मुहैया करवाए। एड्स कंट्रोल सोसाइटी के बाईलाज बनाने की मांग पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि यह सोसाइटी केंद्र सरकार के अंतर्गत आती है। इसमें कार्यरत स्टॉफ का वेतन भी केंद्र सरकार द्वारा दिया जाता है। ऐसे में इनके बाईलाज हरियाणा सरकार नहीं बना सकती। मुख्यमंत्री ने एनएचएम की वेतन विसंगति की मांग पर भी विभाग को गहनता से स्टडी करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि भवन निर्माण के श्रमिकों के पंजीकरण और नवीनीकरण को सरल किया गया है। इस पूरी प्रक्रिया को अब ऑनलाइन कर दिया है।

Next Story