हरियाणा

होटल संचालक ने डरकर नीचे कूदकर बचाई जान, हालत नाजुक

Admindelhi1
3 Nov 2026 2:51 PM IST
होटल संचालक ने डरकर नीचे कूदकर बचाई जान, हालत नाजुक
x
युवकों से घबराकर होटल से नीचे कूदा संचालक, जांच शुरू

हिसार: शहर के निरंकारी रोड पर डबल फाटक के पास स्थित एक होटल में सोमवार तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शराब के नशे में धुत पांच युवकों ने होटल संचालक सचिन के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों से बचने के लिए सचिन होटल की तीसरी मंजिल पर पहुंचा, लेकिन युवकों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। जान बचाने का कोई रास्ता नहीं मिलने पर उसने छत से करीब 15 फीट नीचे पड़ोसी मकान की छत पर छलांग लगा दी। इस दौरान उसके एक पैर की हड्डियां कई जगह से टूट गईं और शरीर पर गंभीर चोटें आईं।

पुलिस के अनुसार, सरदारशहर निवासी नवीन, विक्रम, मनीष और इमरान तथा जींद निवासी अमन गाड़ी खरीदने के सिलसिले में हिसार आए थे। पांचों होटल के कमरे में बैठकर शराब पी रहे थे। पूरी रात उनका कमरे से बाहर आने-जाने का सिलसिला जारी रहा, जिसके कारण होटल संचालक को बार-बार दरवाजा खोलना पड़ रहा था।

दरवाजा खोलने को लेकर हुआ विवाद

सोमवार सुबह करीब साढ़े चार बजे युवक बाहर से खाना लेकर पहुंचे। बार-बार दरवाजा खोलने को लेकर संचालक और युवकों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और नशे में धुत युवकों ने सचिन पर हमला कर दिया। हमलावरों से बचने के लिए वह बदहवास हालत में होटल की तीसरी मंजिल की ओर भागा, लेकिन युवक उसके पीछे पहुंच गए। खुद को घिरा देखकर सचिन ने छत से पड़ोसी मकान की छत पर छलांग लगा दी।

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

सचिन की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मकान मालिक ने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। अर्बन एस्टेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल होटल संचालक को लहूलुहान हालत में अस्पताल पहुंचाया। मारपीट और घटनाक्रम होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है। जांच के दौरान पुलिस को छत से बीयर की खाली बोतलें भी मिली हैं।

अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी विकास ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित या उसके परिजनों की ओर से शिकायत मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Next Story