आज शाम पांच बजे जारी होगी पहली मेरिट लिस्ट, रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भी आएगी मेरिट लिस्ट की सूचना

रोहतक न्यूज़: स्नातक प्रथम वर्ष में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों का इंतजार आज खत्म हो जाएगा। सुबह करीब पांच बजे डीएचई पहली मेरिट सूची जारी करेगा। जिन छात्रों का नाम इस लिस्ट में जाएगा वह अपना दाखिला सुनिश्चित करवाने के लिए सबसे पहले कॉलेज में जाकर अपने दस्तावेजाें की जांच करवाएंगे। इसके बाद फीस जमा करवाने पर उनका दाखिला महाविद्यालय में हो जाएगा। मेरिट लिस्ट की सूचना विद्यार्थियों के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भी आएगी, इसलिए छात्र अपने मोबाइल पर आने वाले मैसेज चेक करते रहें। अगर 12 अगस्त को मेरिट लिस्ट जारी नहीं की जाती तो यह सूचना विद्यार्थियों के मोबाइल नंबर पर भी आएगी। जिन विद्यार्थियोें का नाम पहली मेरिट लिस्ट में आता है और अगर उन्होंने किसी कारणवश कॉलेज में दाखिला नहीं लिया तो उन्हें ओपन मेरिट लिस्ट का इंतजार करना होगा। जो 26 अगस्त को जारी होगी। ऐसे विद्यार्थियों का नाम दूसरी मेरिट लिस्ट में नहीं आएगा। इसलिए छात्र फीस जमा करवा कर कॉलेज में दाखिला सुनिश्चित करें।
22 से लगेगी कक्षाएं: अगर डीएचई की तरफ से कोई नई अधिसूचना जारी नहीं की जाती तो 22 अगस्त से यूजी के प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों की कक्षाएं लगेंगी। इससे पहले सभी विद्यार्थियों को रोल नंबर इशू किए जाएंगे। जिसकी सूचना छात्रों को मोबाइल पर मैसेज भेजकर दी जाएगी और महाविद्यालय में भी रोल नंबर की सूची चस्पा दी जाएगी।
16 तक होगी फीस जमा: पहली मेरिट लिस्ट जारी होने के बाद विद्यार्थियों को चार दिन का समय फीस जमा करवाने सहित दस्तावेजों की जांच करवाने के लिए मिलेगा। डीएचई द्वारा जारी अधिसूचना के आधार पर 13 से 16 अगस्त तक छात्रों को फीस जमा करवानी होगी। इस दौरान विद्यार्थियोें को जिस कॉलेज में उनका नाम दाखिले के लिए आया है, वहां जाकर अपने सभी दस्तावेज जांच करवाने हाेंगे। ऑनलाइन दाखिले के लिए रजिस्ट्रेशन करवाने के बाद 9 अगस्त दस्तावेजों की जांच करने की आखिरी तारीख सुनिश्चित की गई थी। 11 अगस्त तक भी कॉलेज की वेरीफिकेशन कमेटियों के पास विद्यार्थियों के दस्तावेज जांच करने के लिए अपलोड किए गए। यहां ये भी बता दें कि गत 1 अगस्त को यूजी में दाखिलों के लिए डीएचई ने पोर्टल खोला था। वहीं रजिस्ट्रेशन करवाने के लिए 8 अगस्त आखिरी तारीख सुनिश्चित की गई थी।





