हरियाणा

शवगृह से बिना पोस्टमॉर्टम शव ले गए परिजन, अस्पताल प्रबंधन में मचा हड़कंप

Admindelhi1
25 Nov 2026 11:29 AM IST
शवगृह से बिना पोस्टमॉर्टम शव ले गए परिजन, अस्पताल प्रबंधन में मचा हड़कंप
x
पोस्टमॉर्टम से पहले ही शव लेकर निकले परिजन, पुलिस ने रुकवाया अंतिम संस्कार

फरीदाबाद: हरियाणा के बीके अस्पताल में 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला का शव बिना पोस्टमॉर्टम कराए परिजनों को सौंपने के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने जांच कमेटी गठित की है।

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के गाजीपुर निवासी दुलारी देवी फरीदाबाद की संजय कॉलोनी में अपनी बेटी के घर आई हुई थीं। शनिवार रात तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें बीके अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। महिला के गले पर निशान मिलने के कारण डॉक्टरों ने मेडिको लीगल केस दर्ज कर शव पोस्टमॉर्टम के लिए रखवा दिया था।

आरोप है कि रविवार को परिजन शवगृह कर्मचारी पर दबाव बनाकर बिना पोस्टमॉर्टम शव लेकर चले गए। अस्पताल प्रबंधन ने इसकी सूचना पुलिस को भी नहीं दी। बाद में पुलिस ने गाजियाबाद के लाल कुआं में अंतिम संस्कार रुकवाकर शव वापस मंगवाया और पोस्टमॉर्टम कराया।

पीएमओ डॉ. विकास गोयल के अनुसार, जांच कमेटी अस्पताल के रिकॉर्ड और कर्मचारियों की भूमिका की पड़ताल करेगी। लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Next Story