हरियाणा

परमात्मा के प्रेम में अडिग रहना ही जागृति का सार: सतगुरु माता सुदीक्षा जी

Admindelhi1
27 Oct 2026 10:13 AM IST
परमात्मा के प्रेम में अडिग रहना ही जागृति का सार: सतगुरु माता सुदीक्षा जी
x
हर हाल में परमात्मा के प्रेम से जुड़े रहें: सतगुरु माता सुदीक्षा जी

सोनीपत: समालखा-गन्नौर के बीच हल्दाना बॉर्डर स्थित संत निरंकारी आध्यात्मिक स्थल पर आयोजित 79वें वार्षिक निरंकारी संत समागम के तीसरे दिन सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज ने देश-विदेश से पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हर परिस्थिति में परमात्मा के प्रेम में स्थिर रहना ही सच्ची आध्यात्मिक जागृति है। अनुकूल परिस्थितियों में आस्था बनाए रखना आसान होता है, लेकिन वास्तविक भक्ति वही है जो विपरीत हालात में भी अडिग रहे।

ब्रह्मज्ञान से जीवन में आती है जागरूकता

सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज ने कहा कि आत्मा का परमात्मा से मिलन और हर पल निराकार प्रभु का अनुभव करना ही आध्यात्मिक जीवन का सार है। परमात्मा अटल सत्य है, जबकि मनुष्य की इच्छाएं और परिस्थितियां बदलती रहती हैं। ब्रह्मज्ञान से प्राप्त जागृति व्यक्ति को जीवनभर सजग और सचेत रहने की प्रेरणा देती है। इसका प्रभाव उसके व्यवहार, निर्णयों और सामाजिक जीवन में भी दिखाई देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि अन्याय के विरुद्ध खड़े होते समय व्यक्ति को अपने उद्देश्य पर भी विचार करना चाहिए। उसे यह समझना जरूरी है कि उसका प्रयास वास्तव में भलाई के लिए है या उसके पीछे अहंकार, स्वार्थ और दिखावे की भावना है। विचारों में मतभेद होने के बावजूद प्रत्येक व्यक्ति में परमात्मा का अंश देखकर उसे अपनाना ही निष्काम प्रेम की पहचान है।

बदलाव संभव हो तो प्रयास करें, अन्यथा सहजता से स्वीकारें: राजपिता रमित जी

सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के प्रवचनों से पहले निरंकारी राजपिता रमित जी ने कहा कि जीवन में जहां बदलाव संभव हो, वहां सकारात्मक प्रयास करने चाहिए। वहीं, जिन परिस्थितियों को बदला नहीं जा सकता, उन्हें सहजता से स्वीकार करने की क्षमता विकसित करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि मनुष्य भौतिक सुख-सुविधाओं और संसार की जरूरतों के प्रति सजग रहता है, लेकिन कई बार अपनी आत्मा की वास्तविक प्यास को भूल जाता है। आध्यात्मिक जीवन व्यक्ति को अपनी आंतरिक आवश्यकताओं को समझने और जीवन में संतुलन बनाए रखने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लिया सतगुरु का आशीर्वाद

समागम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सतगुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया। कई पार्षदों और विधायकों ने भी सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज तथा निरंकारी राजपिता रमित जी के दर्शन किए।

आयोजकों ने दिव्यांग संत-महात्माओं की सुविधा के लिए सभी प्रवेश द्वारों पर व्हीलचेयर उपलब्ध कराईं। उनके ठहरने, भोजन और पेयजल की व्यवस्था भी की गई। कार्यक्रम को सुविधापूर्वक देखने के लिए एलईडी स्क्रीन लगाई गईं, ताकि दिव्यांग श्रद्धालु भी समागम में सहजता से शामिल होकर सतगुरु के दर्शन कर सकें।

आठ एलोपैथिक और छह होम्योपैथिक औषधालयों की व्यवस्था

मिशन के स्वास्थ्य एवं समाज कल्याण विभाग की ओर से समागम स्थल पर व्यापक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। यहां आठ एलोपैथिक और छह होम्योपैथिक औषधालयों के अलावा 15 प्राथमिक चिकित्सा केंद्र स्थापित किए गए। कायरोप्रैक्टिक शिविर भी लगाया गया, जबकि 15 आईसीयू सुविधाओं से युक्त 120 बिस्तरों वाला अस्थायी अस्पताल तैयार किया गया।

आपातकालीन सेवाओं के लिए मिशन की 12 और हरियाणा सरकार की 30 एंबुलेंस तैनात की गईं। इनमें 15 वेंटिलेटरयुक्त एंबुलेंस शामिल थीं। कायरोप्रैक्टिक शिविर में भारत और विदेशों से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सेवाएं दीं। आयोजकों के अनुसार, इस शिविर से हजारों लोगों को उपचार का लाभ मिला।

इसके अतिरिक्त नाक-कान-गला, नेत्र, बाल रोग, दंत चिकित्सा और मनोरोग सहित विभिन्न क्षेत्रों के वरिष्ठ विशेषज्ञों ने श्रद्धालुओं को चिकित्सा सेवाएं प्रदान कीं।

चार स्थानों पर लंगर, 22 कैंटीनों में रियायती दरों पर खाद्य सामग्री

समागम स्थल पर चार स्थानों पर लंगर की व्यवस्था की गई, जहां श्रद्धालुओं को दिन-रात भोजन उपलब्ध कराया गया। सभी श्रद्धालुओं को एक साथ बैठकर भोजन करते देख सेवा, समानता और वसुधैव कुटुम्बकम की भावना दिखाई दी।

इसके अलावा 22 कैंटीनों में रियायती दरों पर अल्पाहार, चाय, कॉफी और मिनरल वाटर उपलब्ध कराया गया। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं को भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराना रहा।

Next Story