हरियाणा

कांग्रेस मुक्त भारत बनाने का सपना साकार होने के बेहद नजदीक : मूलचंद शर्मा

Shantanu Roy
11 Oct 2022 4:49 PM GMT
कांग्रेस मुक्त भारत बनाने का सपना साकार होने के बेहद नजदीक : मूलचंद शर्मा
x
बड़ी खबर
चंडीगढ़। हरियाणा के परिवहन व खनन मंत्री मूलचंद शर्मा ने कांग्रेस के कई नेताओं द्वारा भाजपा का दामन थामने पर कहा कि "कांग्रेस मुक्त भारत'' का सपना साकार होने के बेहद नजदीक है। हरियाणा भी कांग्रेस से मुक्त होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में जब अशोक तंवर ने अपने विचार रखे तो उनके साथ क्या हुआ, यह सबने देखा। कुमारी शैलजा ने अपने विचार रखें तो उनके हालात भी सभी ने देखे। दूसरी तरफ भाजपा खुद ही एक मंच और एक ऐसा विचार है, जिसमें हर व्यक्ति को अपनी बात कहने की आजादी है। कांग्रेस राजनीतिक नहीं बल्कि पारिवारिक पार्टी है। देश-प्रदेश में एक परिवार को ही ताकत प्रदान की जा रही है। देश विरोधी विचारधारा की कांग्रेस में 2024 के चुनावों में और अधिक भगदड़ दर्ज की जाएगी। भारतीय जनता पार्टी आम आदमी किसान, मजदूर, कमेरे वर्ग और व्यापारी की पार्टी है। हर आदमी की सोच विचार के साथ भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन पाई है।
आम आदमी पार्टी ने दिल्ली का दिवाला निकाला: मूलचंद शर्मा
गुजरात में राजनीतिक कसरत कर रही आम आदमी पार्टी पर टिप्पणी करते हुए शर्मा ने कहा कि पंजाब के हालात पूरा देश देख रहा है। बेशक आप गुजरात से चुनाव लड़े, क्योंकि हर किसी को लोकतंत्र में कहीं से भी चुनाव लड़ने का अधिकार है। लेकिन दिल्ली और पंजाब के हालात किसी से छिपे नहीं है। पहले दिल्ली की विश्व में एक अपनी अलग पहचान थी। बेशक किसी भी राजनीतिक दल की वहां सरकार रही लेकिन दिल्ली चमकती हुई नजर आती थी। दिल्ली जाने पर मन लगता था। लेकिन आम आदमी पार्टी आने के बाद बेशक हाईवे इत्यादि पर चमक आई हो, लेकिन स्टेट वे और आम शहर चमक खत्म हो गई है। आज दिल्ली और आम शहरों में कोई फर्क नहीं रहा। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली का दिवाला निकाला है और पंजाब के हालात भी बद से बदतर होते जा रहे हैं। गुजरात की जनता बेहद समझदार है। वह जानती है कि फ्री की दुकान चलाने की चाहत रखने वाली आम आदमी पार्टी केवल झूठ का ढिंढोरा पीटने वाले लोग हैं। जो फ्री की बात करना जानते हैं। बिना किसी सोच और विचार वाली आम आदमी पार्टी किसी भी तरह से देश प्रदेश के हित में साबित नहीं हो सकती। इसलिए भाजपा पूर्ण बहुमत से गुजरात में फिर से सरकार बनाने जा रही है।
बसों की सबसे बड़ी खेप की खरीदारी के फैसला की परिवहन मंत्री ने की सराहना
मूलचंद शर्मा ने हाल ही में मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा परिवहन विभाग को लेकर किए गए फैसले का धन्यवाद करते हुए कहा कि 20 साल के इतिहास में बसों की इतनी बड़ी खेप की खरीदारी का फैसला कभी नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि हरियाणा रोडवेज के बेड़े में 1300 बसें शामिल करने का फैसला बेहद प्रशंसनीय है। हरियाणा रोडवेज के बेड़े में 5000 बसे पहले ही शामिल की जा चुकी हैं और अगले माह 550 बसों का टेंडर होगा। उन्होंने बताया कि अगले ही महीने इलेक्ट्रिक बसों का टेंडर भी होना है।
Next Story