तेंदुए की खाल की बरामदगी से हड़कंप, हांसी में डेढ़ करोड़ का मामला

हांसी: वन्यजीव विभाग और सीआईए हांसी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब डेढ़ करोड़ रुपये कीमत की तेंदुए की खाल बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान नारनौंद क्षेत्र के गांव पेटवाड़ निवासी सोनू के रूप में हुई है। वन्यजीव विभाग के प्रारंभिक आकलन के अनुसार बरामद खाल करीब साढ़े तीन वर्ष आयु के तेंदुए की है। इसकी अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी का भाई तेंदुए की खाल उसके पास छोड़कर गया था। बताया जा रहा है कि आरोपी का भाई फिलहाल तमिलनाडु में रह रहा है। हालांकि, तेंदुए का शिकार कहां किया गया और खाल आरोपी तक कैसे पहुंची, इस बारे में अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। जांच टीम खाल के स्रोत, शिकार में शामिल लोगों और इसे रखने के पीछे के मकसद का पता लगाने में जुटी है।
डीएसपी क्राइम रविंद्र सांगवान ने मंगलवार को बताया कि वन्यजीव विभाग और सीआईए की संयुक्त टीम ने आरोपी को तेंदुए की खाल सहित गिरफ्तार किया है। खाल बरामद कर मामले की जांच की जा रही है। आरोपी के भाई की भूमिका और इस मामले से जुड़े अन्य संभावित लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।





