हरियाणा

नेशनल हाईवे-48 पर पांच गोवंशों की मौत से हड़कंप

Admindelhi1
8 Oct 2026 5:12 PM IST
नेशनल हाईवे-48 पर पांच गोवंशों की मौत से हड़कंप
x
एनएच-48 पर पांच गोवंशों की मौत, जांच शुरू

रेवाड़ी: रेवाड़ी के नेशनल हाईवे-48 पर सीएनजी पंप के पास बुधवार देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से करीब 10 गोवंश हादसे की चपेट में आ गए। हादसे में पांच गोवंशों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर ट्रैफिक पुलिस, बावल थाना पुलिस और गो सेवा संगठन की टीम मौके पर पहुंची। मृत गोवंशों को जेसीबी की मदद से सड़क से हटाकर मिट्टी दी गई, जबकि घायल गोवंशों को उपचार के लिए उपचारशाला भेजा गया।

गो सेवा संगठन बावल के प्रधान धर्मवीर ने बताया कि सूचना मिलते ही संगठन की टीम मौके पर पहुंची। वहां पांच गोवंश मृत अवस्था में मिले, जबकि पांच घायल थे। इनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायल गोवंशों को उपचार के लिए भेजा गया है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस और ट्रैफिक टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क से गोवंशों को हटवाया और यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर हादसा करने वाले अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुटी है।

धर्मवीर ने कहा कि एक साथ इतने गोवंशों का हादसे की चपेट में आना जांच का विषय है। यह पता लगाया जाना चाहिए कि इतने गोवंश हाईवे पर कैसे पहुंचे और उन्हें टक्कर मारने वाला वाहन कौन सा था। गो सेवा संगठन ने हाईवे और सड़कों पर खुले में घूमने वाले गोवंशों की समस्या का स्थायी समाधान करने, उनकी टैगिंग कराने और पशुओं को सड़क पर छोड़ने वाले पशुपालकों की जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।

Next Story